सावन को लेकर डीएम-एसएसपी ने भूमियां बाबा मंदिर का किया निरीक्षण
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, सीसीटीवी और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़
अलीगढ़, 25 जुलाई 2026। सावन माह के दौरान कांवड़ शिवभक्तों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने भूमियां बाबा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ रिपोर्ट: मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़




