प्रो. नइमा खातून ने एएमयू के डेंटल कालिज में नई सुविधाओं का उद्घाटन किया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज का दौरा कर तीन नई सुविधाओं का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं का उद्देश्य कालिज की शैक्षणिक, चिकित्सकीय और छात्र सहायता व्यवस्था को और मजबूत करना है।
नई सुविधाओं में कालिज की कैंटीन तथा ओरल मेडिसिन एवं रेडियोलॉजी और पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभागों के स्नातकोत्तर क्लीनिक शामिल हैं। इन क्लीनिकों से विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सकीय प्रशिक्षण, रोगियों को बेहतर उपचार तथा विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, कैंटीन विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौष्टिक जलपान तथा आरामदायक स्थान उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर प्रो. नइमा खातून ने कहा कि डेंटल कॉलेज में सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षा, शोध और रोगी देखभाल को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय आधारभूत सुविधाओं के महत्व पर जोर दिया।
डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य प्रो. एन. डी. गुप्ता ने कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन नई सुविधाओं से कालिज का शैक्षणिक और चिकित्सकीय वातावरण और मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि इंडिया टुडे-एमडीआरए की 2026 की रैंकिंग में कालिज को देश के शीर्ष 10 दंत चिकित्सा कालिज में स्थान मिला है।
इस अवसर पर सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. मोहम्मद खालिद, छात्र कल्याण के डीन प्रो. मोहम्मद अतहर अंसारी, वित्त अधिकारी नूरूस सलाम, ओएसडी प्रो. सरोश उमर, भवन विभाग के सदस्य प्रभारी प्रो. मलिक शोएब अहमद, सहायक सदस्य प्रभारी प्रो. रिजवान अहमद खान, सहायक अभियंता सैफ अनवर और कनिष्ठ अभियंता एस. ताजदार हुसैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ओरल मेडिसिन एवं रेडियोलॉजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. प्रद्युम्न वर्मा तथा पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की अध्यक्ष प्रो. नेहा अग्रवाल ने कुलपति के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने नई सुविधाओं के विकास में भवन विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।
डेंटल कॉलेज के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, वरिष्ठ प्रोफेसर और शिक्षक भी इस अवसर पर मौजूद रहे।



