रोलर हॉकी में अलीगढ़ का दबदबा, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में जीते स्वर्ण पदक
अलीगढ़, 14 सितंबर (मोहम्मद कामरान): उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सातवीं उत्तर प्रदेश स्टेट ओपन रोलर हॉकी चैंपियनशिप का अलबरकात स्केटिंग रिंग, अलीगढ़ में शानदार समापन हुआ। चैंपियनशिप की मेजबानी अलीगढ़ रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने की। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और खेल के साथ अनुशासन व खेल भावना का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में कैडेट, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर चार आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए और प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
कैडेट वर्ग का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ। इसमें गौतम बुद्ध नगर ने अलीगढ़ को 0-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अलीगढ़ को रजत और बिजनौर को कांस्य पदक मिला।

सब जूनियर वर्ग में अलीगढ़ ने शानदार खेल दिखाते हुए गौतम बुद्ध नगर को 2-9 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। गौतम बुद्ध नगर को रजत और अलबरकात को कांस्य पदक मिला।
जूनियर वर्ग के फाइनल में भी अलीगढ़ का दबदबा कायम रहा। अलीगढ़ की टीम ने बिजनौर को 1-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। बिजनौर को रजत और अलबरकात को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
सीनियर वर्ग में अलीगढ़ ने एकतरफा मुकाबले में बिजनौर को 0-9 से करारी शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अलीगढ़ के खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन ने पूरी चैंपियनशिप में उनकी श्रेष्ठता साबित की।
समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अहमद मुज्तबा, डॉ. बीबी सिंह, एसआई सिमोन अली और अहमर इमाम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अलीगढ़ रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आजम मीर खान, सचिव नवाजिश अली खान, कोषाध्यक्ष नौशाद अली खान, उपाध्यक्ष मोहम्मद रफीक, प्रोफेसर नाजिश बेगम सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक, कोच और खेल से जुड़े लोग मौजूद रहे।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की चैंपियनशिप का उद्देश्य प्रदेश में रोलर हॉकी को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने चैंपियनशिप के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, कोचों, अभिभावकों और आयोजकों का आभार जताया।




