नरेंद्र मोदी को मिले 29 अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा के प्रतीक : प्रो. जसीम मोहम्मद की पुस्तक में संकलित है उपलब्धियों का प्रेरक दस्तावेज, पुस्तक का निःशुल्क वितरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए गए 29 अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मानों और विशिष्ट पुरस्कारों पर आधारित पुस्तक “वर्ल्ड सिविलियन अवॉर्ड्स नरेन्द्र मोदी” का प्रकाशन सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज की ओर से किया गया है। पुस्तक के लेखक एवं सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रो. (डॉ.) जसीम मोहम्मद ने इस प्रकाशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री के वैश्विक कूटनीतिक संबंधों को रेखांकित किया है।
पुस्तक में सऊदी अरब के किंग अब्दुलअजीज सैश, अफगानिस्तान के गाजी अमीर अमानुल्लाह खान सम्मान, फिलिस्तीन का ग्रैंड कॉलर, संयुक्त अरब अमीरात का ऑर्डर ऑफ जायद, रूस का ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू, मालदीव का निशान इज्जुद्दीन, बहरीन का किंग हमाद ऑर्डर, अमेरिका का लीजन ऑफ मेरिट और भूटान का ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों का उल्लेख है।
इसके अतिरिक्त पलाऊ का एबाकल अवॉर्ड, फिजी का ऑर्डर ऑफ फिजी, पापुआ न्यू गिनी का ऑर्डर ऑफ लोगोहू, मिस्र का ऑर्डर ऑफ द नाइल, फ्रांस का ग्रैंड क्रॉस ऑफ लीजन ऑफ ऑनर, ग्रीस का ग्रैंड क्रॉस ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑनर, डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर, नाइजीरिया का ऑर्डर ऑफ द नाइजर, गुयाना का ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस, बारबाडोस का ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम तथा कुवैत का मुबारक अल-कबीर सम्मान भी इस वैश्विक सम्मान यात्रा का हिस्सा हैं।
वर्ष 2025 में मॉरीशस, श्रीलंका, साइप्रस, घाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, ब्राजील और नामीबिया सहित विभिन्न देशों ने भी प्रधानमंत्री को अपने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए। पुस्तक में इथियोपिया और ओमान के सम्मानों को भी शामिल किया गया है।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने इस पुस्तक के माध्यम से ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ अर्थात पूरी दुनिया एक परिवार है, की भारतीय अवधारणा को विशेष रूप से प्रस्तुत किया है। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिलने वाले ये सम्मान केवल किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान और गौरव का प्रतीक हैं।
पत्रकारिता, लेखन और अकादमिक गतिविधियों से जुड़े प्रो. जसीम मोहम्मद ने इस प्रकाशन को विशेष रूप से विद्यार्थियों, जेन ज़ी और युवाओं के लिए तैयार किया है। निःशुल्क ऑन लाईन एवं ऑफ लाइन वितरित की जाने वाली यह पुस्तक नई पीढ़ी को भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका, सांस्कृतिक मूल्यों, वैश्विक मित्रता और कूटनीतिक संबंधों को समझने का अवसर प्रदान करेगी।



