मध्यकालीन भारत में महिलाओं के जीवन और सामाजिक भूमिका पर एएमयू में संगोष्ठी आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अलीगढ़ सोसाइटी ऑफ हिस्ट्री एंड आर्कियोलॉजी ने महिला अध्ययन उन्नत केंद्र के सहयोग से ‘दरबारों और ऐतिहासिक वृत्तांतों से आगे: मध्यकालीन भारत में महिलाएं, लैंगिक पहचान और दैनिक जीवन’ विषय पर महिला अध्ययन केंद्र में संगोष्ठी आयोजित की। इसमें इतिहासकारों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने साहित्यिक, दस्तावेजी, अभिलेखीय और दृश्य स्रोतों के माध्यम से मध्यकालीन भारतीय समाज में महिलाओं की स्थिति, अनुभवों और भूमिका पर विचार-विमर्श किया।

संगोष्ठी की अध्यक्षता महिला अध्ययन केंद्र की पूर्व निदेशक प्रो. शीरीन मूसवी ने की।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के ऐतिहासिक अध्ययन केंद्र की प्रो. आर. महालक्ष्मी ने ‘प्रारंभिक मध्यकालीन दक्षिण भारत में महिलाओं का चित्रण और उनकी सामाजिक भूमिका: अभिलेखों, ग्रंथों और दृश्य स्रोतों का विश्लेषण’ विषय पर पहला व्याख्यान दिया। उन्होंने लैंगिक इतिहास लेखन में गर्डा लर्नर और उमा चक्रवर्ती के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के इतिहास को सामने लाने के लिए पारंपरिक ऐतिहासिक विवरणों में उनकी कभी-कभार मौजूदगी की पहचान करना ही पर्याप्त नहीं है। इसके लिए स्रोतों, उनके तैयार होने की परिस्थितियों और उनमें महिलाओं के चित्रण के पीछे मौजूद धारणाओं का आलोचनात्मक अध्ययन आवश्यक है।

प्रारंभिक मध्यकालीन तमिल समाज पर केंद्रित अपने व्याख्यान में प्रो. महालक्ष्मी ने अभिलेखों, साहित्यिक ग्रंथों और मूर्तियों के आधार पर महिलाओं की सामाजिक स्थिति और उनकी भूमिका का विश्लेषण किया। उन्होंने विशेष रूप से राजदरबारों और धार्मिक संस्थानों के साथ महिलाओं के संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि कलात्मक चित्रण को सामाजिक वास्तविकता का सीधा प्रतिबिंब नहीं मानना चाहिए। इसके लिए निर्धारित आदर्शों और महिलाओं के वास्तविक जीवन के अनुभवों के बीच अंतर को समझना जरूरी है।

एएमयू के इतिहास विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एस. अली नदीम रेजावी ने ‘मुगल भारत में महिलाएं, संपत्ति और सत्ता: शाही परिवार से आगे’ विषय पर व्याख्यान दिया। मुगलकालीन चित्रों, विवाह अनुबंधों, सूरत और खंभात के 17वीं शताब्दी के अभिलेखों तथा बनारसीदास की रचना ‘अर्धकथानक’ के आधार पर उन्होंने सामाजिक और आर्थिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी के प्रमाण प्रस्तुत किए। कुछ विवाह अनुबंधों में शामिल ‘चहार शर्त’ की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि ये शर्तें महिलाओं को परित्याग और दुर्व्यवहार से सुरक्षा प्रदान करने में सहायक हो सकती थीं।

एएमयू के इतिहास विभाग की डॉ. लुबना इरफान ने ‘मुगल शहर में लैंगिक परिप्रेक्ष्य रू महिलाएं, सार्वजनिक स्थल और शहरी जीवन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इस धारणा को चुनौती दी कि महिलाएं केवल घरेलू स्थानों तक सीमित थीं। उन्होंने सड़कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की मौजूदगी के प्रमाण प्रस्तुत किए। मुगलकालीन चित्रों, जॉन ओविंगटन के उस विवरण का उल्लेख किया जिसमें महिलाएं पनघट से पानी भरती दिखाई गई हैं, तथा सैन्य गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी के उदाहरण दिए। इनमें मिर्जा रुस्तम सफवी की पत्नी का उदाहरण भी शामिल था। उन्होंने शहरी और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की विविध भूमिकाओं को रेखांकित किया।

प्रो. शिरीन मूसवी ने इस चर्चा को व्यापक ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में रखते हुए कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी केवल मुगलकाल तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके प्रमाण दिल्ली सल्तनत के दौर में भी मिलते हैं। रजिया सुल्तान का उल्लेख करते हुए उन्होंने विभिन्न कालखंडों में महिलाओं की स्थिति में निरंतरता और बदलाव, दोनों का अध्ययन करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मध्यकालीन भारत को एक समान और अविभाजित ऐतिहासिक कालखंड के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि महिलाओं के अनुभवों को उनके विशिष्ट सामाजिक और राजनीतिक संदर्भों में समझना जरूरी है।

महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो. अजरा मूसवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन इतिहास विभाग के हसन उल्लाह खान ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button