एएमयू में भारत-उज्बेकिस्तान की पारंपरिक चिकित्सा में योगदान पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 14 नवम्बर को

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के यूनानी चिकित्सा संकाय के इल्मुल अदविया विभाग द्वारा 14 नवंबर को ‘पारंपरिक चिकित्सा में भारत और उज्बेकिस्तान का योगदान’ विषय पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों देशों के विद्वान, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ साझा चिकित्सा विरासत तथा पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम विकास पर विचार-विमर्श करेंगे।
संगोष्ठी में देशभर से लगभग 80 प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। इनके अलावा इब्न सीना पब्लिक फाउंडेशन के अध्यक्ष मखमूदोव नाजिमखोन के नेतृत्व में उज्बेकिस्तान का एक विशिष्ट प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।
संगोष्ठी से पहले शुक्रवार को उज्बेक प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून से मुलाकात की। अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रो. खातून ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में भारत और उज्बेकिस्तान के संबंध सदियों पुराने हैं। इब्न सीना की पुस्तक ‘कानून’ आज भी हमारी कक्षाओं में यूनानी चिकित्सा की पढ़ाई को दिशा देती है। अजमल खान तिब्बिया कॉलेज के शताब्दी वर्ष में यह यात्रा इस विरासत को आधुनिक शोध के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है, ताकि शास्त्रीय ज्ञान और समकालीन विज्ञान मिलकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काम कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों देशों के विद्वानों के बीच निरंतर शैक्षणिक आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगी।
संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नइमा खातून करेंगी। नई दिल्ली स्थित जामिया हमदर्द के कुलपति प्रो. मलिक जैन-उल-आबेदीन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भारत में उज्बेकिस्तान गणराज्य के राजदूत सारदोर मिर्जायुसुपोविच रुस्तमबायेव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संगोष्ठी के वैज्ञानिक सत्रों में यूनानी चिकित्सा के क्षेत्र में भारत और उज्बेकिस्तान का ऐतिहासिक योगदान, शास्त्रीय चिकित्सा परंपराएं, औषधीय पौधे और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का वैज्ञानिक सत्यापन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। प्रो. एफ.एस. शेरानी ‘एएमयू-उज्बेकिस्तान और यूनानी चिकित्सा: साझा विरासत’ विषय पर प्रस्तुति देंगे।
यह आयोजन अजमल खान तिब्बिया कॉलेज के शताब्दी समारोह (1927-2027) के साथ हो रहा है, जिससे इसका विशेष महत्व है। इसका उद्देश्य भारत और उज्बेकिस्तान के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को मजबूत करना और पारंपरिक चिकित्सा के वैज्ञानिक विकास के लिए नए अवसर तलाशना है।
संगोष्ठी के आयोजन सचिव और इल्मुल अदविया विभाग के अध्यक्ष प्रो. अब्दुर रऊफ ने कहा कि मध्य एशिया और भारतीय उपमहाद्वीप के बीच सदियों से चिकित्सकों, पांडुलिपियों और औषधीय ज्ञान का आदान-प्रदान होता रहा है, जिससे यूनानी चिकित्सा समृद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि इस संगोष्ठी के माध्यम से इस विरासत को याद करने के साथ-साथ संयुक्त शोध, पारंपरिक औषधियों के मानकीकरण और दोनों देशों के युवा शोधकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर देने वाली साझेदारियों को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रो. नाजिश सिद्दीकी संगोष्ठी समन्वयक और डॉ. सुम्बुल रहमान संयुक्त आयोजन सचिव हैं। यूनानी चिकित्सा संकाय की डीन प्रो. सैयदा आमिना नाज और अजमल खान तिब्बिया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बदरुद्दुजा खान परिचयात्मक वक्तव्य देंगे।
प्रो. सैयद जियाउर रहमान, नोज़िम महमूदोव, बहोदिर मुसामेतोव, प्रो. अब्दुर रऊफ, प्रो. बी. डी. खान, उमर पीरज़ादा, प्रो. इल्होमजोन बेकमिरज़ायेव ने कल होने वाले कार्यक्रम और अपनी यात्रा के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई।



