पूजा-पद्धतियाँ अलग-अलग, लेकिन हमारी सभ्यतागत पहचान और राष्ट्रीय एकता का आधार साझा
भारत की विविध धार्मिक आस्थाएँ और एक साझा सांस्कृतिक विरासत

भारत की पहचान उसकी धार्मिक विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि और सदियों पुरानी सभ्यतागत परंपराओं में निहित है। यह वह पवित्र भूमि है, जहाँ हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसी, यहूदी और बहाई धर्मावलंबियों के साथ-साथ अनेक आदिवासी एवं जनजातीय आस्थाओं के लोग भी रहते हैं। यहाँ नास्तिक और किसी संगठित धर्म को न मानने वाले नागरिक भी समान रूप से भारतीय समाज का हिस्सा हैं। इन सभी धर्मों की पूजा-पद्धतियाँ, धार्मिक ग्रंथ, उपासना स्थल, रीति-रिवाज और मान्यताएँ अलग-अलग हैं। हिंदू मंदिरों में पूजा और आरती करते हैं, मुसलमान मस्जिदों में नमाज अदा करते हैं, सिख गुरुद्वारों में गुरुवाणी और सेवा की परंपरा निभाते हैं, ईसाई चर्च में प्रार्थना करते हैं तथा बौद्ध और जैन अपनी विशिष्ट आध्यात्मिक परंपराओं का अनुसरण करते हैं। इन धार्मिक स्वतंत्रताओं और विशिष्टताओं का सम्मान करना ही भारतीय लोकतंत्र और सह-अस्तित्व की वास्तविक भावना है।
लेकिन इन विविधताओं के बीच एक महत्वपूर्ण प्रश्न है—क्या हमारी सांस्कृतिक पहचान भी अलग-अलग है? मेरा मानना है कि हमारी धार्मिक उपासना पद्धतियाँ अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी साझी सभ्यतागत विरासत, सामाजिक अनुभव, मानवीय संवेदनाएँ और राष्ट्रीय जीवन के अनेक सांस्कृतिक सूत्र हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं।
हमारी भाषा, खान-पान, पहनावा, लोकगीत, संगीत, त्योहारों की सामाजिक खुशियाँ, पारिवारिक संबंध, अतिथि-सत्कार, बुजुर्गों का सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी ऐसे अनेक सूत्र हैं, जो भारतीय समाज को एक साझा सांस्कृतिक पहचान प्रदान करते हैं। दीपावली, ईद, गुरुपर्व, क्रिसमस, बुद्ध पूर्णिमा, महावीर जयंती और अन्य पर्वों के अवसर पर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देना इसी सामाजिक आत्मीयता का परिचायक है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार-विमर्श में भी भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और विविधताओं के बीच एकता का विषय प्रमुखता से सामने आता रहा है। इसी प्रकार जमीयत उलेमा-ए-हिंद जैसी मुस्लिम संस्थाएँ भी विभिन्न समुदायों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध, साझा राष्ट्रवाद और सांप्रदायिक सद्भाव की पैरवी करती रही हैं। इन विचारों के बीच संवाद और सकारात्मक सहयोग की व्यापक संभावनाएँ हैं।
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 25 प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान करता है, जबकि अनुच्छेद 51(क)(च) प्रत्येक नागरिक से हमारी समृद्ध मिली-जुली संस्कृति की विरासत को सुरक्षित रखने का दायित्व निभाने की अपेक्षा करता है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम धर्म और संस्कृति के अंतर को समझें। किसी की पूजा-पद्धति को बदलने या उस पर अपनी मान्यता थोपने के बजाय प्रत्येक धर्म की स्वतंत्र पहचान का सम्मान करें। हमारी एकता धार्मिक एकरूपता में नहीं, बल्कि परस्पर सम्मान, विश्वास, संवाद और साझी राष्ट्रीय चेतना में है।
मेरा दृढ़ विश्वास है कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता और उस विविधता को जोड़ने वाली साझा सांस्कृतिक विरासत है। हमारी इबादत के तरीके अलग हो सकते हैं, हमारी प्रार्थनाओं की भाषाएँ अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा वतन एक है, हमारी राष्ट्रीय अस्मिता एक है और हमारी साझा विरासत के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी एक है। यही भारत की आत्मा है और यही विकसित, समरस, शांतिपूर्ण एवं सशक्त भारत के निर्माण का आधार होना चाहिए।
( प्रोफेसर जसीम मोहम्मद तुलनात्मक अध्ययन के आचार्य हैं। profjasimmd@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है)



