अज़ा-ए-फातिमिया की तीन दिवसीय मजलिसें संपन्न, शबीह-ए-ताबूत की ज़ियारत पर नम हुईं अज़ादारों की आंखें
अलीगढ़, 16 नवंबर (मोहम्मद कामरान)। हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा की शहादत की स्मृति में खादिमीन अज़ा-ए-फातिमिया, मोहल्ला डेरा सादात, पिलखना, अलीगढ़ की ओर से आयोजित नौवीं वार्षिक तीन दिवसीय मजलिसें अकीदत और गमगीन माहौल में संपन्न हुईं। तीन दिनों तक आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पिलखना में अज़ा-ए-फातिमिया के इस आयोजन की शुरुआत मौलाना मोहम्मद आसिफ अश्तर खान सुल्तानपुरी, इमाम जुमा व जमात, जामा मस्जिद पिलखना, अलीगढ़ ने स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से की थी। पिछले नौ वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम अहलेबैत से श्रद्धा और प्रेम तथा उनकी शिक्षाओं के प्रति जुड़ाव का प्रतीक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के जीवन, आदर्शों, गुणों और शिक्षाओं से लोगों को परिचित कराना तथा नई पीढ़ी को अहलेबैत की शिक्षाओं से अवगत कराना था। तीन दिवसीय मजलिसों में देश के प्रमुख धर्मगुरुओं ने संबोधित करते हुए हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के व्यक्तित्व और उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मौलाना मोहम्मद आसिफ अश्तर खान सुल्तानपुरी, मौलाना अनवर अब्बास जैदी बिजनौरी और मौलाना कल्ब हसनैन खान खावर सुल्तानपुरी ने संबोधित किया। अंतिम एवं विदाई मजलिस को मौलाना जावेद आबिदी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के आदर्श जीवन, धैर्य, दृढ़ता, पवित्र चरित्र, उपासना, त्याग और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरी मुस्लिम उम्मत, विशेषकर महिलाओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
विदाई मजलिस के समापन पर हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के प्रतीकात्मक ताबूत की ज़ियारत कराई गई। इसके साथ ही जन्नतुल बकी का एक भावुक दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। यह दृश्य देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। नौहाख्वानी और मातम के माध्यम से हजरत फातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा की शहादत पर शोक व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थापक मौलाना मोहम्मद आसिफ अश्तर खान सुल्तानपुरी और खादिमीन अज़ा-ए-फातिमिया, मोहल्ला डेरा सादात, पिलखना की ओर से सभी धर्मगुरुओं, वक्ताओं, नौहाख्वानों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। अंत में देश में शांति, आपसी भाईचारे, एकता तथा विश्व में अमन और सलामती के लिए विशेष प्रार्थना की गई।




