ACN कॉलेज धरने पर प्रशासन-छात्रों की वार्ता, INC मान्यता विवाद पर टकराव

अलीगढ़, 5 मई।मोहम्मद कामरान

ACN कॉलेज में बीते चार-पांच दिनों से चल रहे धरने के बीच गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय में छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच अहम वार्ता हुई। बैठक में एडीएम सिटी, जिलाधिकारी के साथ समाजवादी छात्र सभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपना पक्ष रखा।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज में INC (इंडियन नर्सिंग काउंसिल) की मान्यता को लेकर भ्रम फैलाया गया और छात्रों के साथ धोखाधड़ी की गई। उन्होंने फीस के नाम पर अवैध वसूली और गलत जानकारी देकर प्रवेश दिलाने के भी गंभीर आरोप लगाए।

वार्ता के दौरान एडीएम सिटी ने स्पष्ट किया कि संबंधित कोर्स के लिए INC की अनिवार्यता नहीं है और संस्थान को राज्य स्तर की मान्यता प्राप्त है। वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि यदि छात्रों के साथ धोखाधड़ी हुई है तो वे संस्थान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कॉलेज को सील करना संभव नहीं है, क्योंकि इससे मामला उच्च न्यायालय तक जा सकता है।

प्रशासन के इस रुख पर छात्र संगठनों ने असहमति जताते हुए कहा कि मुकदमा दर्ज होने से उन छात्रों का नुकसान पूरा नहीं होगा, जिनके दो से तीन वर्ष बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि केवल प्रवेश निरस्त करना समाधान नहीं है और छात्र इस विकल्प से सहमत नहीं हैं।

समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट इमरान पठान ने कहा कि प्रभावित छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button