AHEAD Forum का X अकाउंट बहाल करने की मांग, आमिर रशीद ने X से मांगी पारदर्शिता
अलीगढ़। 28 अगस्त( मोहम्मद कामरान)
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच युवा ब्रज प्रांत के संयोजक आमिर रशीद ने X के अधिकारियों को पत्र लिखकर American Hindus for Engagement and Dialogue (AHEAD Forum) के निलंबित अकाउंट को तत्काल बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि अकाउंट किसी नीतिगत या तकनीकी कारण से निलंबित किया गया है तो X प्रबंधन को इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
आमिर रशीद ने कहा कि 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में होने वाला ‘Universal Oneness Celebration’ भारतीय दर्शन, संवाद और एकात्मता की अवधारणा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के संबोधन की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भागवत का अमेरिका दौरा भारतीय विचार और वैश्विक विमर्श के बीच संवाद को नई दिशा देने वाला हो सकता है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और सामाजिक समरसता की अवधारणा दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश दे सकती है।
आमिर रशीद ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी जरूरी है। उन्होंने X से AHEAD Forum के अकाउंट की निष्पक्ष समीक्षा कर उसे बहाल करने अथवा निलंबन का स्पष्ट कारण बताने की मांग की।
उन्होंने कहा कि “दुनिया को एक-दूसरे को खारिज करने के बजाय एक-दूसरे को सुनने की जरूरत है। संवाद ही लोकतांत्रिक समाज की मजबूत पहचान है।”




