एएमयू के बीए छात्र ने पीजी में फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
अलीगढ़, 28 अगस्त (मोहम्मद कामरान)।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के बीए सेकेंड ईयर के छात्र कृष्णा ने गुरुवार देर रात सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित अपने पीजी के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब उसका साथी करीब डेढ़ बजे कमरे पर वापस पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो जंगले से झांककर देखा गया, जहां कृष्णा का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी के दौरान करीब पांच लाइन का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने मोबाइल फोन और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि कृष्णा अपने साथी असनान के साथ दोदपुर के मुजम्मिल मंजिल क्षेत्र में रिटायर्ड प्रिंसिपल डॉ. एचए खान की पुरानी कोठी में बने पीजी में रहता था। असनान इन दिनों बिहार गया हुआ है और अपने एक रिश्तेदार को कृष्णा के पास कमरे पर छोड़ गया था।
साथी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे कृष्णा ने कपड़े बदलने की बात कहकर उसे कमरे से बाहर भेज दिया था। इसके बाद वह फोन पर बात करते हुए कॉलोनी से बाहर चला गया। करीब डेढ़ बजे जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। बाद में जंगले से झांकने पर कृष्णा का शव दिखाई दिया।
कृष्णा के साथ पढ़ने वाले छात्रों और जम्मू से आए अन्य छात्रों ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी होशियार और खुशमिजाज था। उसकी दिनचर्या विश्वविद्यालय जाने और कमरे पर पढ़ाई करने की थी। दोस्तों के साथ भी वह सामान्य और खुशमिजाज रहता था।
एक दोस्त ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही उसकी कृष्णा से मुलाकात हुई थी। उस समय ऐसा बिल्कुल महसूस नहीं हुआ था कि वह किसी परेशानी से गुजर रहा है।
एएमयू में पिछले दो वर्षों के दौरान छात्र की आत्महत्या का यह पांचवां मामला बताया जा रहा है। इससे पहले एक छात्र और तीन छात्राओं की आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रहे इन मामलों को लेकर विश्वविद्यालय में छात्र सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच
पुलिस के अनुसार, कमरे से मिले कथित सुसाइड नोट में कृष्णा ने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का जिक्र किया है। नोट में खुद को असफल बताते हुए आत्महत्या की बात लिखे जाने की जानकारी सामने आई है। नोट में ‘बाबू’ शब्द का भी उल्लेख है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह संबोधन किसी लड़की के लिए था या उसकी छोटी बहन के लिए।
पुलिस के मुताबिक कृष्णा फोन पर काफी बातचीत करता था। मोबाइल लॉक होने के कारण उसे खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद कॉल डिटेल और अन्य जानकारी की जांच की जाएगी। फिलहाल फॉरेंसिक जांच के बाद कमरे को सील कर दिया गया है।
जम्मू से अलीगढ़ पहुंचे परिजन
कृष्णा के पिता विक्रांत शर्मा जम्मू के पीर मीठा इलाके में पूजा-पाठ का काम करते हैं। परिवार में माता-पिता, दादा और एक छोटी बहन हैं। कृष्णा इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए एएमयू आया था। हॉस्टल नहीं मिलने के कारण वह पीजी में रह रहा था।
दिल्ली से पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचे उसके रिश्ते के चाचा ने बताया कि करीब दो माह पहले कृष्णा एक आयोजन में शामिल होने के लिए घर गया था। उस दौरान उसने रक्षाबंधन पर दोबारा घर आने की बात कही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंच सका। इसके बजाय परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। उसका मोबाइल फोन लॉक है, जिसे खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। आत्महत्या की वजह के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। परिवार से बातचीत और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




