तिरंगे के रंग में रंगा अलीगढ़, जोश के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

अलीगढ़, 13 अगस्त (मोहम्मद कामरान)

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के तत्वावधान में अलीगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सुभाष चौक से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पीआरडी जवानों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ भाग लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

नौरंगीलाल इंटर कॉलेज के बैंड के साथ शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर पहुंची, जहां पीएसी बैंड ने स्वागत किया। राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं गौरव बनाए रखने का संकल्प लिया।

कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। एमएलसी डॉ. मानवेंद्र सिंह ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है।

यात्रा में 125 यूपी एनसीसी बटालियन, एसएमबी इंटर कॉलेज, विजडम स्कूल, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हुए। जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने अतिथियों को तिरंगा पट्टी, टोपी और झंडे वितरित किए। सीडीओ योगेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button