कॉमनवेल्थ गेम्स में अलीगढ़ के लाल गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, 10,000 मीटर दौड़ में जीता रजत पदक

मंत्री संदीप सिंह और यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शमशाद निसार आजमी ने दी बधाई, उपलब्धि को बताया ऐतिहासिक

अलीगढ़, 29 जुलाई 2026 (ह स): कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अलीगढ़ के लाल और अंतरराष्ट्रीय धावक गुलवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि पर अलीगढ़ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पैतृक गांव सिरसा में परिवार और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं अतरौली विधायक संदीप सिंह ने गुलवीर सिंह को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि गुलवीर सिंह अलीगढ़ जनपद के ब्लॉक बिजौली स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिरसा के पूर्व छात्र रहे हैं।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि गुलवीर सिंह की यह उपलब्धि केवल अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

वहीं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शमशाद निसार आजमी ने गुलवीर सिंह की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि वह लंबी दूरी की दौड़ में ओलंपिक के प्रबल दावेदार हैं।

उन्होंने कहा कि आज अलीगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि 63वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, पंचकूला (हरियाणा) में गुलवीर सिंह उत्तर प्रदेश टीम के कप्तान थे, जबकि उन्हें उत्तर प्रदेश टीम का मैनेजर बनाया गया था। उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. ललित भनोट को भी बधाई दी।

गौरतलब है कि गुलवीर सिंह ने बेहद साधारण परिस्थितियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2018 में भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलीं। इसके बाद उन्होंने आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास किया।

गुलवीर सिंह की इस शानदार सफलता पर अलीगढ़ के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button