वक्फ नंबर 200 की जमीन पर कब्जे का विवाद, विरोध करने वालों को गोली मारने की धमकी का आरोप
अलीगढ़, 6 मई।मोहम्मद कामरान
अलीगढ़,बन्नादेवी थाना क्षेत्र के दानपुर कंपाउंड, रसलगंज स्थित वक्फ नंबर 200 की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में कब्जे का विरोध करने वालों को गोली मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप सामने आया है।
दानपुर कंपाउंड निवासी शाकिर हुसैन ने थाना प्रभारी बन्नादेवी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उक्त वक्फ संपत्ति पर अकबर पुत्र फखर उर्फ अजहर लंबे समय से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। हाल ही में उसने ताले तोड़कर जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और 10-12 लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर टीन शेड डालने की कोशिश की।
शिकायत के अनुसार, जब इस अवैध कब्जे का विरोध किया गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी का आरोप है कि मौके पर मौजूद भाजपा नेता संजय गोयल ने भी धमकी देते हुए कहा कि “मैं तुम्हारी प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलवा दूंगा और गोली मरवा दूंगा।”
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि वक्फ संपत्ति को लेकर हाईकोर्ट द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश हैं, साथ ही वर्ष 2024 में ट्रिब्यूनल का भी आदेश जारी हो चुका है। इसके बावजूद आदेशों की अनदेखी करते हुए कब्जे की कोशिश की जा रही है।
प्रार्थी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जे को रोका जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




