योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर एएमयू की कलाकार डॉ. लक्ष्मी ने बनाई विशेष पेंटिंग

अलीगढ़। 4 June मोहम्मद कामरान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन के अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कला विभाग की प्राध्यापक एवं प्रसिद्ध कलाकार डॉ. लक्ष्मी ने एक विशेष पेंटिंग तैयार कर उन्हें अपनी कलात्मक श्रद्धांजलि अर्पित की है। पिछले 13 वर्षों से एएमयू में अध्यापन कार्य कर रहीं डॉ. लक्ष्मी ने बताया कि उनकी कला केवल चित्र निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी है।

डॉ. लक्ष्मी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ आज देश के लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उनकी कार्यशैली, निर्णय क्षमता, सादगी और विकास के प्रति समर्पण ने उन्हें जनता के बीच एक अलग पहचान दिलाई है। इसी प्रेरणा से उन्होंने उनके व्यक्तित्व और कार्यों को दर्शाती यह विशेष कलाकृति तैयार की है।

उन्होंने बताया कि पेंटिंग में योगी आदित्यनाथ को भगवा रंग में दर्शाया गया है, जो त्याग, सेवा, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके पटके को सिंदूर से बनाया गया है, जो भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतिनिधित्व करता है। पेंटिंग की विशेषता यह है कि इसमें मिट्टी के टूटे हुए दीपकों का उपयोग कर योगी आदित्यनाथ के चेहरे और वस्त्रों के कुछ हिस्सों को उकेरा गया है। कलाकार के अनुसार यह उनकी जमीन से जुड़ी सोच और आम लोगों से उनके जुड़ाव को दर्शाता है।

डॉ. लक्ष्मी ने बताया कि पेंटिंग में मिट्टी, घास, पॉलिथीन तथा अन्य वेस्ट मटेरियल का भी उपयोग किया गया है। मिट्टी और घास किसानों, ग्रामीण जीवन और विकास का प्रतीक हैं, जबकि वेस्ट मटेरियल के प्रयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

पेंटिंग में बुलडोज़र को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। डॉ. लक्ष्मी के अनुसार यह दृढ़ इच्छाशक्ति, बाधाओं को दूर करने और विकास के नए रास्ते बनाने का प्रतीक है। इसके साथ ही पेंटिंग के चारों ओर योगी आदित्यनाथ की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है, ताकि उनके कार्यों और योगदान को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

डॉ. लक्ष्मी ने कहा कि यह पेंटिंग केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि उनके विचारों, सम्मान और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए अपनी इस विशेष कलाकृति को उन्हें समर्पित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button