एएमयू नर्सिंग स्टाफ का धरना तेज, रजिस्ट्रार कार्यालय पर धरने की कोशिश, प्रॉक्टर टीम से हुई नोंकझोंक

अलीगढ़, 16 मईः मोहम्मद कामरान
एएमयू के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसीएच) में नर्सिंग कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत नर्सिंग स्टाफ ने अब प्रदर्शन को अगले चरण में पहुंचाते हुए रजिस्ट्रार कार्यालय पर 10 दिवसीय धरना शुरू करने पहुंचे हालांकि एएमयू प्रशासन ने एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के सामने धरना नहीं लगने दिया कर्मचारियों के वहां पहुंचते ही प्रॉक्टर टीम के लोग मौके पर पहुंच गए और धरने को लगने से रोका उनका कहना था की धारा 144 लगी हुई है साथ ही एएमयू प्रशासन ने भी एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के आसपास धरने लगाने को मना कर रखा है।
गौरतलब है कि शनिवार को बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मचारी रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इससे पहले कर्मचारियों ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था, लेकिन मांगों पर कोई सकारात्मक पहल न होने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

नर्सेज एसोसिएशन की महामंत्री रिंकू चौधरी ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने पर बैठे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित डीपीसी पदोन्नति प्रक्रिया को लागू करना, एमएसीपी का लाभ देना, अस्पताल में नई भर्तियां करना, फिक्स वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों का वेतन बढ़ाना तथा उन्हें मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। साथ ही कार्यस्थल पर भेदभाव समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन अध्यक्ष सिजाउद्दीन ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा है, लेकिन उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 16 मई से 25 मई तक रजिस्ट्रार कार्यालय पर लगातार धरना जारी रहेगा, जबकि 2 जून को बाब-ए-सैयद से रजिस्ट्रार कार्यालय तक विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा।
धरने में यूनियन के अध्यक्ष सिजाउद्दीन, महामंत्री रिंकू चौधरी, उपाध्यक्ष शाकिर, संरक्षक आशिक अली, संयुक्त सचिव कामिल, कार्यालय सचिव अजबा कंशाना, संगठन सचिव दीपक सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



