ऑल इंडिया मुस्लिम एजुकेशनल कॉन्फ्रेंस की कार्यकारिणी की वार्षिक बैठक संपन्न

अलीगढ़, 27 जुलाई (मोहम्मद अहमद शेवन)। ऑल इंडिया मुस्लिम एजुकेशनल कॉन्फ्रेंस की कार्यकारिणी की वार्षिक बैठक सुल्तान जहां मंजिल, शमशाद मार्केट स्थित मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कॉन्फ्रेंस की उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. ज़किया अतर सिद्दीकी ने की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विश्वविद्यालय से जुड़े विषयों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. ज़किया अतर सिद्दीकी ने कहा कि सर सैयद अहमद ख़ाँ ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और बौद्धिक जागरूकता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब शिक्षा व्यवस्था नई चुनौतियों का सामना कर रही है, तब सर सैयद की वैज्ञानिक सोच, शोध संस्कृति और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना पहले से अधिक आवश्यक हो गया है।

उन्होंने हाल ही में निर्वाचित एएमयू कोर्ट के सदस्यों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य कॉन्फ्रेंस की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षिक एवं प्रशासनिक प्रगति में रचनात्मक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कॉन्फ्रेंस मुख्यालय के सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कार्य में प्रो. रज़ा उल्लाह ख़ाँ के प्रयासों की सराहना भी की।

मानद महासचिव प्रो. रज़ा उल्लाह ख़ाँ ने बैठक में वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट तथा वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि सर सैयद का शैक्षिक आंदोलन केवल एक दौर तक सीमित नहीं है, बल्कि आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और सकारात्मक चिंतन ही किसी भी समाज की वास्तविक ताकत हैं।

प्रो. मोहम्मद अमान उल्लाह ख़ाँ ने सुल्तान जहां भवन में चल रहे नवीनीकरण कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि कॉन्फ्रेंस की ऐतिहासिक विरासत है, जिसके संरक्षण में सभी की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यकारिणी के सदस्य एवं एएमयू कोर्ट के सदस्य मुनव्वर हाज़िक तथा सैयद अहमद फैसल ने भी कॉन्फ्रेंस के विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए मानद महासचिव के प्रयासों की सराहना की।

बैठक में प्रो. ज़किया अतर सिद्दीकी, प्रो. रज़ा उल्लाह ख़ाँ, प्रो. सिबगतुल्लाह फ़ारूकी, खुर्शीद अहमद ख़ाँ, असद यार ख़ाँ, मोहम्मद अहमद शेवन, प्रो. मोहम्मद अमान उल्लाह ख़ाँ, जावेद सईद, मुनव्वर हाज़िक, प्रो. इम्तियाज़ अली ख़ाँ, नूरुल करीम ख़ाँ, डॉ. कलीमुर्रहमान ख़ाँ, सैयद अहमद फैसल और तारिक अहमद ख़ाँ सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. मोहम्मद अमान उल्लाह ख़ाँ ने पवित्र कुरआन के पाठ से किया, जबकि संयुक्त सचिव असद यार ख़ाँ के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button