एएमयू में ‘ऑडिट बम’ की आहट! फीस घोटाले से लेकर फर्जी पेंशन तक, 8 बड़े मुद्दों पर उठे सवाल
शिक्षा मंत्रालय की जांच से मची हलचल, क्या अब खुलेगा एएमयू के वित्तीय खेल का पूरा राज?
अलीगढ़, । मोहम्मद कामरान
एएमयूमें केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की विस्तृत जांच (ऑडिट) कराए जाने की खबरों ने विश्वविद्यालय परिसर में हलचल तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय का इंटरनल ऑडिट विभाग संबंधित दस्तावेज तैयार करने में जुटा हुआ है।
जानकारों का कहना है कि प्रयागराज ऑडिट की वार्षिक निरीक्षण रिपोर्ट (AIR) में कई गंभीर मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया गया था, जबकि अब नए ऑडिट में उन मामलों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक ऑडिट में जिन प्रमुख मामलों पर नजर रहने की संभावना है, उनमें NRI कोटा और SFC फीस से जुड़ी कथित अनियमितताएं, पुरानी पेंशन योजना (OPS) में नियमों के विरुद्ध कुछ शिक्षकों को शामिल करना, गलत इंक्रीमेंट और प्रमोशन, प्रभावशाली अधिकारियों द्वारा सरकारी संसाधनों के कथित निजी इस्तेमाल और NRI कोटे की फीस में देरी जैसे मामले शामिल हैं।
इसके अलावा VVN स्कीम में कथित फीस वसूली, विभिन्न “रिवॉल्विंग फंड” के संचालन और उपयोग, कंसल्टेंट्स की भूमिका तथा बिना विज्ञापन के नियुक्तियों को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े कुछ हलकों में यह चर्चा भी है कि वैधानिक अधिकारियों की नियुक्तियों और चयन समितियों की प्रक्रिया भी जांच के दायरे में आ सकती है।
विश्वविद्यालय से जुड़े कुछ लोगों ने मांग की है कि ऑडिट टीम को सभी वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की निष्पक्ष जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। वहीं कार्यवाहक वित्त अधिकारी से भी इन मामलों को गंभीरता से ऑडिट टीम के सामने रखने की अपील की गई है।




