सीईओ उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को किया सम्मानित

प्रदेश के अन्य जिलों से अलीगढ़ में हुआ उत्कृष्ट कार्य:नवदीप रिणवा

अलीगढ़ 27 फरवरी 2026

(मोहम्मद कमरान)

यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो एक शुद्ध, स्वच्छ, पारदर्शी एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। इस बार का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। प्रदेश के 15 करोड़ 44 लाख 36 हजार 92 मतदाताओं के लिए पृथक-पृथक गणना प्रपत्र छापे गए। प्रत्येक बीएलओ को औसतन 1000-1200 मतदाताओं से घर-घर संपर्क कर फार्म भरवाना, हस्ताक्षर कराना, वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान कराना और बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन एवं मैपिंग करना था। सीमित समय-सीमा और विभागीय दायित्वों के साथ यह कार्य युद्ध स्तर पर संपादित किया गया उक्त उद्गार मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने कल्याण सिंह हेबीटेट सेंटर स्थित ऑडिटोरियम में व्यक्त किये, वह विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स के साथ प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अनुभव साझा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जहां 70 प्रतिशत नोटिस की सुनवाई पूर्ण हो चुकी है वहीं अलीगढ़ जिले ने अच्छा कार्य करते हुए 73 प्रतिशत से अधिक सुनवाई पूरी कर ली है, जो प्रदेश औसत से कहीं अधिक है। उन्होंने बताया कि 6 मार्च तक कोई भी पात्र व्यक्ति फार्म-06 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है, 27 मार्च तक दावे-आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी और भरे गए प्रपत्रों का समावेशन कर 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।उन्होंने निर्देश दिए कि अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं, अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्रोत्साहित किए जाएं और प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में न तो अपात्र का नाम शामिल हो और न ही पात्र व्यक्ति छूटे, इसी लक्ष्य के साथ प्रदेश भर में कार्य हो रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर से बीएलओ की छवि में सकारात्मक परिवर्तन आया है। “बुक ए कॉल विद बीएलओ” एवं शिकायत निस्तारण में प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।संवाद के दौरान इगलास विधानसभा में सर्वप्रथम गणना चरण कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ दिनेश कुमार गुप्ता (इगलास) ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में कार्य करने का जो अवसर मिला वह अपने आप में इतिहास बनेगा। बीएलओ दिनेश कुमार (विधानसभा शहर) ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 से निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए इस पुनरीक्षण में घर-घर जाकर तन्मयता से जिम्मेदारी निभाई, किसी को बूथ पर नहीं बुलाया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री ममता रानी (कोल) ने इसे गर्व का अवसर बताते हुए कहा कि सभी बीएलओ ने एक सैनिक की भांति कार्य किया। बीएलओ चांदनी वार्ष्णेय (शहर विधानसभा) ने सीमित संसाधनों एवं व्यक्तिगत चुनौतियों के बावजूद पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। सुपरवाइजर (अतरौली) ओमेंद्र कुमार एवं एईआरओ (शहर विधानसभा) प्रवीण कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इससे पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा, मण्डलायुक्त संगीता सिंह, जिलाधिकारी संजीव  रंजन, एसएसपी नीरज जादौन एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर बीएलओ सम्मान एवं परिचर्चा कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आस्था डांस एकेडमी की बालिका अरूआक्षी अग्रवाल द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई। युवा कलाकारों ने नुक्कड नाटक के माध्यम से “मतदान हमारा अधिकार”, “लोकतंत्र में वोट की कीमत” और “पहला वोट जिम्मेदारी की शुरुआत” जैसे संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए गए और मताधिकार के प्रयोग के प्रति शपथ दिलाई गई।

बीएलओ हुए सम्मानित:

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा प्रत्येक विधानसभा से उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो बीएलओ को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 71-खैर से मनु चौहान, राजेन्द्र सिंह, 72-बरौली से शिव कुमार, कोहनूर बानो, 73-अतरौली से शैलेन्द्र सिंघल, उपमा कुमारी, 74-छर्रा से श्रीमती उर्मिला सिंह, श्रीमती दक्षिणा वंदन, 75-कोल से रंजना भारद्वाज, ममता रानी वर्मा, 76-अलीगढ़ से दिनेश कुमार, चॉदनी वार्ष्णेय, 77-इगलास से दिनेश कुमार गुप्ता व गोपाल भारती शामिल रहे।मंडलायुक्त ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि एसआईआर के अवशेष कार्य भी इसी जिजीविषा एवं प्रतिबद्धता के साथ पूर्ण किया जाएगा। कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार समेत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button