NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

अलीगढ़, 13 मई । मोहम्मद कामरान

3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET (UG) प्रवेश परीक्षा 2026 का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने के निर्णय से देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं में भारी नाराज़गी है। इसी मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह और महानगर अध्यक्ष नवेद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। प्रदर्शनकारी मैरिस रोड से जुलूस की शक्ल में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सेंटर पॉइंट चौराहे की ओर बढ़े।

सेंटर पॉइंट चौराहे पर भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन और सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा पुतला छीनने की कोशिश के बावजूद कांग्रेसजन विरोध के बीच पुतला दहन करने में सफल रहे।

सभा को संबोधित करते हुए विवेक बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक दो बार NEET (UG) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं, जिससे लाखों छात्रों की मेहनत, उम्मीदें और भविष्य प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने परीक्षा की तैयारी के लिए दिन-रात मेहनत की, परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए बसों और ट्रेनों में कठिनाइयां झेलीं तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और फुटपाथों पर रातें गुजारीं। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके अभिभावकों को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।

विवेक बंसल ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इससे उनकी विश्वसनीयता संदेह के घेरे में आ गई है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मजबूत और पारदर्शी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पेपर लीक कांड में शामिल सभी दोषियों और मुख्य साजिशकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से गया प्रसाद गिर्राज, कैलाश बाल्मीकि, हेमंत शर्मा टोटो, खालिद मसूद, शीलू चंदेल, गोपाल मिश्रा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव, आनंद बघेल, अजय बघेल, ओमप्रकाश सिंह, अनिल सिंह चौहान, सलाउद्दीन वसी, राजीव मिश्रा, घनश्याम दास कश्यप, भूपेंद्र सिंह, बिजेंद्र बघेल, रईस गाजी, लटूरीमल अग्रवाल, आमिल हुसैन, ज़फरुद्दीन गद्दी, मोहम्मद सलाम कुरैशी, शादाब फज़ल, भूदेव प्रसाद, आमिर मुन्तजिर, अजय धनगर, संजय माथुर, कुंवरपाल सिंह, अमजद हुसैन, शाहिद खान, अरविंद शर्मा, तेजवीर बघेल, बिरजू जाटव, मोहम्मद सलीम, सलमान, वसीम मलिक, इमरान रफीक, साजिद बेग, अर्पित यादव, काशिफ, सुरेंद्र, मोहम्मद मुजीब, मोहम्मद मंसूर, नबी अहमद, हबीब मलिक, साबिर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button