AMU के इंदिरा गांधी हॉल में छात्रा की मौत, परिसर में मचा हड़कंप

अलीगढ़ 12 अगस्त, मोहम्मद कामरान।

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के इंदिरा गांधी हॉल में मंगलवार देर रात एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हॉल में हड़कंप मच गया। छात्रा को तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा की पहचान इर्तिका समीर के रूप में हुई है। वह द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और मूल रूप से कोलकाता, पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही है। छात्रा इंदिरा गांधी हॉल के कमरा नंबर 19 में रह रही थी। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि परिजन पश्चिम बंगाल से अलीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

इधर, छात्रा की मौत के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक और चिंता का माहौल है। छात्राओं के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ लोगों द्वारा छात्रा के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी विश्वविद्यालय प्रशासन या पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

घटना ने एक बार फिर विश्वविद्यालय के छात्रावासों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, मानसिक स्थिति पर नजर रखने और वार्डन व शिक्षकों के साथ उनके संवाद को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि छात्रावास प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि किसी भी परेशानी की स्थिति में समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।

फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button