एआई अनुसंधान में लाभकारी साबित होगा दोनों संस्थानों का यह आपसी सहयोग: डॉ विकास गुप्ता
ग्लूकोमा का पता लगाने के लिए मिलकर काम करेंगे डीयू और एससीईएच

ग्लूकोमा का पता लगाने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) और डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल (एससीईएच) अब मिलकर काम करेंगे। इस संबंध में गुरुवार को दोनों संस्थानों के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर डीयू कुलसचिव डॉ विकास गुप्ता ने कहा कि भारत के ग्रामीण इलाकों में ग्लूकोमा बहुत बड़ी समस्या है। इसके लिए एआई आधारित अनुसंधान में दोनों संस्थानों का यह आपसी सहयोग नि:संदेह काफी लाभकारी साबित होगा। इस अवसर पर डीयू के ओर से कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता तथा डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल, दरियागंज की ओर से इनोवेशन निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह सांगवान ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान डॉ. बी.आर. अंबेडकर सेंटर फॉर बायोमेडिकल रिसर्च, दिल्ली विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. सुनीत कुमार सिंह, डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल की मेडिकल डायरेक्टर और एचओडी (ग्लूकोमा विभाग) डॉ. सुनीता दुबे, डीयू की अकादमिक डीन प्रो. के. रत्नाबली, डीयू कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो. संजीव सिंह और एसीबीआर से प्रो. इंद्रकांत कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
डॉ विकास गुप्ता ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. बी.आर. अंबेडकर सेंटर फॉर बायोमेडिकल रिसर्च (एसीबीआर) इस एमओयू के तहत डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल (एससीईएच), दरियागंज, दिल्ली के साथ मिलकर काम करेगा। डॉ. बी.आर. अंबेडकर सेंटर फॉर बायोमेडिकल रिसर्च ग्लूकोमा का पता लगाने के लिए डेटासेट को ग्लूकोमा की पहचान से जुड़ी मुख्य विशेषताओं के आधार पर लेबल करेगा, ताकि उच्च-गुणवत्ता और एकसमान एनोटेशन (लेबलिंग) सुनिश्चित की जा सके। इमेज लेबल सत्यापन के लिए ऑनलाइन पोर्टल का विकास किया जाएगा। मेडिकल प्रोफेशनल्स (डॉक्टरों) के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा, जहाँ वे लेबल की गई इमेज की समीक्षा और पुष्टि कर सकेंगे। इससे डेटा एनोटेशन की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी। डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल डीयू के एसीबीआर को फंडस रेटिनल इमेज का डेटा प्रदान करेगा, जिसमें ग्लूकोमा (glaucoma) के मरीजों और सामान्य आंखों वाले व्यक्तियों, दोनों की इमेज शामिल होंगी। डेटा लेबल को संस्थान द्वारा सत्यापित किया जाएगा। एससीईएच टेस्टिंग के उद्देश्य से मरीजों का अतिरिक्त डेटा भी प्रदान करेगा। इसमें उन मरीजों के पुराने रिकॉर्ड भी शामिल होंगे जिन्हें बाद में ग्लूकोमा हो गया था, जिससे मॉडल को ‘लॉन्गिट्यूडिनल डेटा’ (समय के साथ लिए गए डेटा) पर टेस्ट किया जा सकेगा।



