एएमयू के स्कूलों में रैली, शपथ और विशेष सभाओं के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैयदना ताहिर सैफुद्दीन (एसटीएस) स्कूल (मिंटो सर्किल), एएमयू गर्ल्स स्कूल और अब्दुल्ला स्कूल में 31 अक्टूबर 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एसटीएस स्कूल में विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स ने ‘एकता दौड़’ में भाग लिया। प्रधानाचार्य फैसल नफीस ने रियासतों के एकीकरण और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के आयोजन में मोहम्मद अदनान खान और मोहम्मद आसिम ने सहयोग किया। इस अवसर पर मोहम्मद फरकान और डॉ. काजमा खान भी उपस्थित रहे।
एएमयू गर्ल्स स्कूल में विशेष प्रातःकालीन सभा आयोजित की गई। इसमें कक्षा 12 (आर्ट्स) की परीसा ने कार्यक्रम का संचालन किया। कक्षा 10-ई की सिदरा ने राष्ट्रीय एकता पर भाषण दिया, जबकि कक्षा 12 (आर्ट्स) की जारा ने एकता और भाईचारे पर कविता प्रस्तुत की। इसके बाद एकता रैली निकाली गई। कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं के लिए नारा लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रधानाचार्य आमना मलिक और उपप्रधानाचार्य अलका अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। हुमा मुख्तार और अंजुम फातमा ने व्यवस्थाओं का समन्वय किया, जबकि साजिदा परवीन और फराज अनवर ने प्रतियोगिता की देखरेख की।
अब्दुल्ला स्कूल में अधीक्षक उमरा जहीर ने रियासतों के एकीकरण और एकजुट भारत के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। विद्यार्थियों ने परिसर में एकता दौड़ में भाग लिया और राष्ट्रीय एकीकरण तथा भाईचारे के विषय पर अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू में भाषण प्रस्तुत किए।
सिटी गर्ल्स हाई स्कूल में कक्षा पांच-बी की छात्राओं ने विशेष प्रातःकालीन सभा प्रस्तुत की। स्वलेहा आसिफ ने सभा का संचालन किया, जबकि वानिया फातिमा ने राष्ट्रीय एकता पर भाषण दिया। छात्राओं ने एक लघु नाटक के माध्यम से धर्म और समुदाय से परे शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व तथा आपसी सम्मान के महत्व को दर्शाया।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद अख्तर ने छात्राओं को संबोधित किया और उन्हें राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक उपप्रधानाचार्य पाकीजा खान, सांस्कृतिक प्रभारी नाजिश सिद्दीकी और कक्षा अध्यापिकारूही सुल्तान की देखरेख में किया गया। इसमें आईसीटी शिक्षक अशद जावेद ने तकनीकी सहयोग दिया।



