पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
जनता पर महंगाई का बोझ डालकर भाजपा सरकार राजनीतिक लाभ ले रही है : विवेक बंसल
अलीगढ़, 16 मई। मोहम्मद कामरान
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में अलीगढ़ जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैरिस रोड से जुलूस निकालते हुए सेंटर पॉइंट चौराहे तक मार्च किया, जहां भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेसजन सेंटर पॉइंट पर धरने पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए विवेक बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये की बढ़ोतरी ने पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों से लेकर परिवहन तक हर चीज महंगी होती जा रही है, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
विवेक बंसल ने कहा कि मध्य पूर्व में पिछले कई महीनों से तनाव और युद्ध जैसे हालात बने हुए थे, लेकिन विधानसभा चुनावों के दौरान सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए। चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के फैसले जनता के हित में नहीं बल्कि राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर जनता को पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की सलाह दी जाती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यक्रमों और चुनावी रोड शो में भारी संख्या में वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दोहरा मापदंड जनता अब समझ चुकी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह और महानगर अध्यक्ष नवेद खान ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर पेट्रोल-डीजल की कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा बढ़ती महंगाई को लेकर आम जनता की समस्याओं को उठाया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




