पेट्रोल-डीजल और सोने की महंगाई पर सरकार जनता को गुमराह कर रही है, मोदी-योगी दें इस्तीफा : नवेद खान

अलीगढ़, 16 मई। मोहम्मद कामरान
पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और सोने की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर अलीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष नवेद खान ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है।नवेद खान ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है और आम आदमी का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को दूर करने के बजाय अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी हुई है।
नवेद खान ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन से लेकर खाने-पीने तक हर चीज महंगी हो चुकी है। गरीब और मध्यम वर्ग का परिवार दो वक्त की रोटी और बच्चों की पढ़ाई तक मुश्किल से चला पा रहा है। उन्होंने कहा कि सोने के दाम आसमान छू रहे हैं, जिसके कारण गरीब परिवार अपनी बेटियों की शादी तक नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नवेद खान ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को देशभक्त कहते हैं तो उन्हें देशहित में इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता को बिजली बचाने की नसीहत देना सरकार की विफलता को दर्शाता है।
नवेद खान ने कहा, “मुख्यमंत्री कहते हैं कि एक पंखा चलाइए, एसी मत चलाइए और कम बिजली इस्तेमाल कीजिए। मैं पूछना चाहता हूं कि अगर लोग रात में बल्ब भी न जलाएं तो क्या उनके घरों में चोरी और डकैती नहीं पड़ेगी? सरकार जनता को सुविधाएं देने के बजाय उन्हें अंधेरे में रहने की सलाह दे रही है।”
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते आर्थिक संकट ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।
नवेद खान ने मांग की कि केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करे, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें कम करे तथा आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए।



