ईद-उल-जुहा पर नगर निगम अलर्ट मोड में, 5 सेक्टरों में तैनात होंगी विशेष टीमें; सफाई, पानी और कुर्बानी व्यवस्थाओं पर फोकस

अलीगढ़, 21 मई (मोहम्मद कामरान)
ईद-उल-जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में नगर निगम सेवा भवन सभागार में मुस्लिम धर्मगुरुओं, मस्जिद कमेटियों, प्रबुद्धजनों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ईद-उल-जुहा को लेकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, कुर्बानी के अवशेषों के वैज्ञानिक निस्तारण, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने मुस्लिम धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों से फीडबैक भी लिया।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि ईद की पारंपरिक नमाज और तीन दिनों तक चलने वाली कुर्बानी को देखते हुए नगर निगम स्तर पर सभी पारंपरिक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएंगी और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शाहजमाल ईदगाह, जमालपुर ईदगाह, जीवनगढ़ ईदगाह, ऊपरकोट जामा मस्जिद सहित शहर के सभी धार्मिक स्थलों और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में 26 मई तक व्यवस्थाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर निगम ने पूरे शहरी क्षेत्र और 90 वार्डों को थाना वार 5 सेक्टरों में विभाजित किया है, जहां वरिष्ठ अधिकारियों को सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ अभियंता, सफाई निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, प्रकाश, जलकल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी।
ईद-उल-जुहा पर निगरानी और व्यवस्थाओं के लिए 40 अधिकारियों और 480 कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जबकि 100 स्थानों पर कुर्बानी अवशेषों के निस्तारण के लिए नगर निगम के वाहन मुस्तैद रहेंगे।
नगर निगम ने 28, 29 और 30 मई को खुले में पशु छोड़ने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले पशुपालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। वहीं, आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए थाना वार 100 सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात रहेगी।
इसके अलावा ईद के दिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक विशेष पेयजल आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि ईद-उल-जुहा को स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम की पूरी टीम अलर्ट मोड में रहेगी।



