अलनियाज़ पब्लिक स्कूल में नई लाइब्रेरी शुरू, विद्यार्थियों को 85 पुस्तकें उपलब्ध
अलीगढ़, 09 अगस्त (मोहम्मद कामरान)। अलीगढ़ के सर सैयद नगर फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अलनियाज़ पब्लिक स्कूल में इनरव्हील क्लब ऑफ अलीगढ़ यूनिक की ओर से नई लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। क्लब की ओर से विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए 85 पुस्तकें भी उपलब्ध कराई गईं।
क्लब की अध्यक्ष शहबा सिद्दीकी ने कहा कि लाइब्रेरी का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों सहित सभी बच्चों को अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। स्कूल के निदेशक डॉ. मोहम्मद अब्बास नियाज़ी ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किताबें ज्ञान बढ़ाने के साथ सोचने-समझने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और लाइब्रेरी का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के दौर में जानकारी हासिल करना आसान हुआ है, लेकिन पुस्तकों और नियमित अध्ययन का महत्व आज भी बना हुआ है। लाइब्रेरी में पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ ज्ञानवर्धक, साहित्यिक और शोधपरक सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सचिव माहनूर इसरा, पूर्व अध्यक्ष रुबीना मेराज, संपादक रुखसंद, आईएसओ सोभी फैजुद्दीन, रुबीना खान, इरम मुरसलीन, साइदा फैज, कहकशां बानो, दरदाना, शाहाना, सना अहमद, नाजिया अमान और शबनम आरा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




