अलीगढ़ में सड़क पर नमाज की मांग पर गरमाई सियासत, AIMIM ने उठाए कई मुद्दे

अलीगढ़, 21 मई (मोहम्मद कमरान)
ईद-उल-अजहा से पहले अलीगढ़ में सड़क पर नमाज की अनुमति की मांग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष यामीन खान अब्बासी ने जिला मुख्यालय पर एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए मुस्लिम बहुल इलाकों में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग उठाई।
ज्ञापन में सबसे ज्यादा चर्चा उस मांग को लेकर हुई, जिसमें ईदगाहों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में सामने की सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति देने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री के सड़क पर नमाज नहीं होने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यामीन खान अब्बासी ने सरकार पर एक समुदाय विशेष की राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अन्य धार्मिक आयोजनों में भी सड़कों का उपयोग किया जाता है, ऐसे में केवल 15 मिनट की नमाज पर आपत्ति उठाना दोहरे मापदंड को दर्शाता है। उन्होंने शाहजमाल क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी भीड़ बढ़ने की स्थिति में सड़क पर नमाज अदा की गई है।
यामीन खान अब्बासी ने कहा कि ईद-उल-अजहा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी चाहिए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मांग पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सड़क पर नमाज की अनुमति को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई बहस शुरू कर दी है।



