ईद-उल-अजहा पर शाहजमाल ईदगाह कमेटी की अपील, ईदगाह के अंदर ही अदा करें नमाज

अलीगढ़, 27 मई 2026 (मोहम्मद कामरान)
आगामी ईद-उल-अजहा के मद्देनजर शाहजमाल ईदगाह कमेटी के जनरल सेक्रेटरी हाजी दुलारे नबी एवं पूरी ईदगाह कमेटी की ओर से शहरवासियों और नमाजियों से अपील की गई है कि ईद की नमाज ईदगाह परिसर के अंदर ही अदा करें तथा शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें।
कमेटी की ओर से जारी अपील में बताया गया कि ईद-उल-अजहा की पहली नमाज सुबह 6:15 बजे और दूसरी नमाज सुबह 7:00 बजे अदा की जाएगी। नमाजियों से समय से पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
जनरल सेक्रेटरी हाजी दुलारे नबी ने कहा कि ईद का त्योहार भाईचारे, कुर्बानी और मोहब्बत का पैगाम देता है। सभी लोग आपसी सौहार्द, शांति और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
ईदगाह कमेटी ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की भी अपील की है।



