एएमयू फैकल्टी ऑफ यूनानी मेडिसिन के छात्रों ने हमदर्द लैबोरेट्रीज का औद्योगिक भ्रमण किया

अलीगढ़,14 मई (मोहम्मद कामरान) : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की फैकल्टी ऑफ यूनानी मेडिसिन ने रिसर्च, इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल के तत्वावधान में स्नातकोत्तर छात्रों के लिए हमदर्द लेबोरेट्रीज की निर्माण इकाई का एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया।

हमदर्द लैबोरेट्रीज इंडिया द्वारा प्रायोजित इस भ्रमण का उद्देश्य यूनानी चिकित्सा में आधुनिक औषधीय प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना था। कार्यक्रम में 30 स्नातकोत्तर छात्रों ने भाग लिया। उनके साथ डॉ. काजी जैद अहमद, डॉ. अजीज उर रहमान और डॉ. सुम्बुल रहमान भी मौजूद रहीं।

फैकल्टी ऑफ यूनानी मेडिसिन के डीन प्रो. एस. एम. अशरफ ने छात्रों को विशेषज्ञों के साथ सक्रिय संवाद करने तथा पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं के बढ़ते समन्वय को समझने के लिए प्रेरित किया।

हमदर्द परिसर में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत डीजीएम (एचआर) इनाम अली और सीनियर जीएम (आरएंडडी) डॉ. संतोष कुमार जोशी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अनुसंधान एवं निर्माण इकाइयों का भ्रमण कराया। इस दौरान छात्रों ने जीएमपी दिशा-निर्देशों के तहत यूनानी औषधियों के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, मानकीकरण और बड़े पैमाने पर उत्पादन की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान मुख्य उत्पादन एवं परियोजना अधिकारी शमशाद अली, इनाम अली तथा डॉ. संतोष कुमार जोशी के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें यूनानी औषधि क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का समन्वयन प्रशासनिक अधिकारी दानिश ने किया। उन्हें आरएंडडी प्रबंधक डॉ. सगीर अहमद खान तथा गुणवत्ता नियंत्रण प्रबंधक डॉ. अरविंद कुमार त्रिपाठी का सहयोग प्राप्त हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button