विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एएमयू में सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2025 के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों और सामुदायिक अभियानों के माध्यम से व्यापक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की। डॉ. जेड.ए. डेंटल कॉलेज के जनस्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग और जेएन मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा यह कार्यक्रम ‘आकर्षण की परतें हटाएंः तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के पीछे उद्योग की चालों को उजागर करना’ विषय के अंतर्गत आयोजित किया गया।
जनस्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग ने विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग, जागरूकता रैलियाँ, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, टी-शर्ट पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और स्वास्थ्य वार्ता जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए। इनक्लूसिव फ्यूचर्स फाउंडेशन के सहयोग से आयशा तरीन मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित दंत चिकित्सा शिविर में बच्चों की मुख जांच और तंबाकू निषेध परामर्श प्रदान किया गया। छात्रों ने तंबाकू निषेध पर आधारित क्विज और डिजिटल अभियानों में भी भाग लिया।
एएमयू की मेडिकल अटेंडेंस स्कीम और इसके ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्रों में तंबाकू के स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर संवादात्मक सत्र और नाट्य प्रस्तुतियाँ हुईं। चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. मोहम्मद हबीब रजा ने एक रैली और मानव श्रृंखला को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अवसर पर उन्होंने स्वयम प्लेटफॉर्म पर ‘तंबाकू निषेधः स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक व्यापक मार्गदर्शिका’ नामक एक मासिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (मूक) का शुभारंभ किया।
साथ ही, सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने तेजपुर गाँव के आंगनवाड़ी केंद्र में सामुदायिक जागरूकता अभियान चलाया। प्रो. उजमा इरम के मार्गदर्शन और डॉ. तबस्सुम नवाब तथा डॉ. समीना अहमद के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जूनियर रेजिडेंट्स ने तंबाकू से संबंधित वैश्विक मृत्यु दर, मनोवैज्ञानिक प्रभाव और सामाजिक दुष्प्रभावों पर जानकारी साझा की। डॉ. अल फातेह मोहम्मद आमिर किदवई ने डब्लूएचओ डेटा के आधार पर वैश्विक मृत्यु दर पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सूर्य प्रकाश रेड्डी ने इसके मानसिक और सामाजिक प्रभावों को समझाया। डॉ. प्रमोद कुमार यादव (डॉ. जेड.ए. डेंटल कॉलेज) ने तंबाकू की लत छुड़ाने के उपायों और सहयोग प्रणाली पर बात की।
डॉ. अल हिलाल यूसुफ शेख ने धूम्रपान से निकलने वाले टार के प्रभाव को एक जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया। डेंटल कॉलेज के छात्रों ने युवाओं में धूम्रपान की प्रवृत्ति और निकोटीन पैच व गम जैसे तंबाकू निषेध उपायों पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू छोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में दो स्वास्थ्य शिविर भी शामिल थेकृएक सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा, जिसमें लगभग 50 स्थानीय लोगों का उपचार किया गया, और दूसरा डेंटल कॉलेज द्वारा, जिसमें मुख स्वच्छता परामर्श और डेंटल केयर किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम की सफलता में प्रो. मोहम्मद हबीब रजा (डीन, मेडिकल फैकल्टी), डॉ. आर.के. तिवारी (प्राचार्य), डॉ. एन.डी. गुप्ता, डॉ. नेहा अग्रवाल (अध्यक्ष, जनस्वास्थ्य दंत चिकित्सा), डॉ. प्रमोद कुमार यादव, डॉ. सैयद अमान अली, डॉ. शाजिया नाहिद, डॉ. ह्रिद्या जे., डॉ. अल हिलाल यूसुफ शेख, डॉ. अल फातेह मोहम्मद आमिर किदवई और डॉ. सूर्य प्रकाश रेड्डी का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण और तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए निरंतर परामर्श सेवा के साथ हुआ।



