अलीगढ़ के युवा नेता राजा भैया को मिली आसपा में जोन यूथ अध्यक्ष की कमान

अलीगढ़, 13 सितंबर, मोहम्मद कामरान।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अलीगढ़ के युवा राजनीतिक नेता राजा भैया को पार्टी के पश्चिमी जोन का अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुनील चितौड़ ने रविवार को अलीगढ़ के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राजा भैया को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान पार्टी के चीफ डिवीजन प्रभारी और राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे।
पार्टी नेतृत्व की ओर से राजा भैया को पश्चिमी जोन की जिम्मेदारी दिए जाने को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, राजनीतिक गतिविधियों और मजबूत युवा टीम को देखते हुए उन पर भरोसा जताया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजा भैया ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर आजाद समाज पार्टी का दामन थामा था। दिल्ली स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास पर उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया था। उनके साथ विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई युवा नेताओं ने भी आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ली थी।
बताया जाता है कि एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू कराने के मामले में जिलाधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी के घटनाक्रम के बाद राजा भैया के कांग्रेस नेतृत्व से मतभेद बढ़े थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।
राजा भैया पिछले कुछ समय से अलीगढ़ की युवा राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके साथ युवाओं की एक मजबूत टीम भी काम करती है, जो जमीनी स्तर के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। पश्चिमी जोन की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों और युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि विधानसभा चुनाव में राजा भैया की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि आजाद समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में राजा भैया को किसी सीट से मैदान में उतारती है तो युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, जमीनी पकड़ और सोशल मीडिया पर मजबूत मौजूदगी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। फिलहाल यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पश्चिमी जोन की जिम्मेदारी मिलने के बाद राजा भैया संगठन को किस तरह विस्तार देते हैं और आगामी चुनाव में उनकी भूमिका किस दिशा में आगे बढ़ती है।
इस अवसर पर हुसैन वाहिद, गुफरान नूर, फरीद प्रधान सहित जिला और शहर के पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



