खेलो इंडिया संवाद को लेकर एएमयू में प्रेस कॉन्फ्रेंस, 27 अगस्त को होगा कार्यक्रम

अलीगढ़, 24 अगस्त (मोहम्मद कामरान)। 

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में सोमवार को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। एएमयू एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. एम. मोहसिन खान और प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अब्दुल जब्बार ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस बार रक्षाबंधन की छुट्टी के कारण 29 अगस्त के बजाय 27 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा।

डॉ. एम. मोहसिन खान ने बताया कि एएमयू को ‘खेलो इंडिया संवाद’ के लिए नोडल सेंटर बनाया गया है। कार्यक्रम के आयोजन में नेहरू युवा केंद्र और एएमयू की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि एएमयू में करीब 2,000 एनएसएस स्वयंसेवक हैं, जबकि कार्यक्रम स्थल के हॉल में लगभग 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अन्य छात्र मोबाइल और ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। एएमयू को कार्यक्रम की ‘ए’ कैटेगरी में रखा गया है। यदि टू-वे कम्युनिकेशन की सुविधा उपलब्ध रही और प्रधानमंत्री की ओर से संवाद की इच्छा जताई गई, तो एएमयू के छात्रों से भी बातचीत संभव है।

प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अब्दुल जब्बार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और आउटडोर गेम्स को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने से बच्चों और युवाओं का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रबंधन क्षमता का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा और बच्चे मोबाइल फोन पर अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में उन्हें खेलों और शारीरिक गतिविधियों की ओर आकर्षित करना जरूरी है। ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस बार 29 अगस्त को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम दो दिन पहले 27 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button