होटलों की सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ होटल एसोसिएशन का विरोध

एडीए से एक सप्ताह में स्थिति स्पष्ट करने की मांग, मांग पूरी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी

अलीगढ़, 1 अक्टूबर (मोहम्मद कामरान): अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा होटलों को कथित रूप से अवैध बताकर सील किए जाने की कार्रवाई के खिलाफ अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने मैरिस रोड स्थित एक होटल में आपात बैठक कर एडीए को एक सप्ताह का समय देते हुए कार्रवाई और नियमों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

एसोसिएशन पदाधिकारियों के अनुसार, गांधी पार्क बस स्टैंड के पास कई होटलों को एडीए ने सील किया है। होटल संचालकों का दावा है कि संबंधित दस्तावेज पूरे होने के बावजूद कार्रवाई की गई। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि छोटी-छोटी कमियों के आधार पर शहर की करीब 7,000 इमारतों को अवैध बताया जा रहा है। पदाधिकारियों ने भवन मालिकों पर दबाव बनाए जाने और कथित अवैध वसूली के भी आरोप लगाए।

एसोसिएशन का कहना है कि सरकार व्यापारियों और उद्यमियों को भयमुक्त माहौल देने की बात करती है, लेकिन एडीए की कार्रवाई से कारोबारियों में असमंजस और चिंता का माहौल है। संगठन ने मांग की कि यदि शहर की करीब 7,000 इमारतों को अवैध माना जा रहा है तो प्राधिकरण अपनी नीति और स्थिति स्पष्ट करे तथा सभी मामलों में समान नियमों के तहत कार्रवाई की जाए।

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 50 वर्ष से अधिक पुराने होटलों के स्वीकृत नक्शे उपलब्ध न होने का हवाला देकर कार्रवाई की जा रही है। कुछ होटल संचालकों का कहना है कि वे संबंधित दस्तावेज कई बार विभाग में जमा कर चुके हैं और उनके पास इसकी रसीदें भी हैं।

एसोसिएशन ने शहर के बाहरी क्षेत्रों में संचालित नए ओयो शैली के होटलों के संबंध में भी समान नियम लागू किए जाने की मांग की। संगठन ने कहा कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की जाएगी।

एसोसिएशन ने एडीए को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में करीब 7,000 इमारतों के संबंध में स्थिति और कार्रवाई की नीति स्पष्ट नहीं की गई तो होटल संचालक अपने 18 से 20 हजार कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ एडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में अध्यक्ष मनु महाजन, चेयरमैन पंकज धीरज, महासचिव विवेक बगाई, कोषाध्यक्ष प्रमीत गुप्ता, संरक्षक राजकुमार गुप्ता, प्रदीप सिंघल, ठाकुर रईस पाल सिंह, अजय गुप्ता, कुलदीप आर्य, कमल अरोड़ा, सुमित गोयल, नितिन शर्मा, प्रशांत वार्ष्णेय, निखिल अग्रवाल, राजीव गुप्ता, प्रतीक अग्रवाल, रॉबी और रोहताश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button