आठ साल बाद एएमयू में छात्रसंघ चुनाव का रोमांच, 75 फीसदी मतदान; सभी पदों पर कड़ा मुकाबला
अलीगढ़, 05 नवंबर (मोहम्मद कामरान) अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में करीब आठ साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित छात्रसंघ चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। विश्वविद्यालय में कुल लगभग 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और विभिन्न मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए विद्यार्थियों की आवाजाही जारी रही।
अध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद इंतखाब, नोमान अशरफ और शरजील इकबाल के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए साकिब, नशरा और सादान के बीच मुकाबला है। वहीं, सचिव पद के लिए मोहम्मद हमदान और अहमद फराज रजवी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। विभिन्न पदों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने चुनाव के दौरान पूरी सक्रियता दिखाई।

मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मोहम्मद इंतखाब और नोमान अशरफ के साथ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ऐमन हफीज खान अपने समर्थकों के साथ फैकल्टी ऑफ आर्ट्स के सामने पहुंचे, जहां समर्थकों ने जमकर पटाखे छोड़े और जश्न मनाया। मतदान समाप्त होने के बाद परिसर में प्रत्याशियों के समर्थकों की सक्रियता और उत्साह चर्चा का विषय बना रहा।
एएमयू के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर जावेद तालिब ने शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न होने पर सभी विद्यार्थियों, प्रत्याशियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। प्रोफेसर जावेद तालिब ने बताया कि मतगणना का कार्य आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। देर रात तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि एएमयू में मतदान के लिए कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कैबिनेट और एएमयू कोर्ट मेंबर पदों के प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग मतपेटियां रखी गई थीं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पांच-पांच मतपेटियां रखी गई थीं। एक मतपेटी में अधिकतम एक हजार वोट डालने की व्यवस्था थी। एक मतपेटी भरने के बाद दूसरी मतपेटी का इस्तेमाल किया गया।
मतदान के लिए विद्यार्थियों को तीन प्रकार के पहचान पत्रों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य था। विद्यार्थी अपने वैध यूनिवर्सिटी आईडी कार्ड, वर्तमान शैक्षणिक सत्र के रजिस्ट्रेशन कार्ड अथवा नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी वर्तमान सत्र के एडमिशन कार्ड के माध्यम से मतदान कर सके। मतदान केंद्र की अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज होने और निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को ही मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।
चुनाव नियमों के अनुसार प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को मतदान केंद्रों के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। उन्हें केवल अपना वोट डालने के समय ही मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया।

एएमयू छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 9, उपाध्यक्ष पद के लिए 7, सचिव पद के लिए 3, कैबिनेट के लिए 19 और एएमयू कोर्ट मेंबर के लिए 68 प्रत्याशी मैदान में हैं। कैबिनेट की 10 और एएमयू कोर्ट मेंबर की 11 सीटें हैं।
इसी तरह वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 6, उपाध्यक्ष पद के लिए 4, सचिव पद के लिए 5 और कैबिनेट के लिए 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वीमेंस कॉलेज में कैबिनेट की 8 सीटें हैं।
एएमयू में बनाए गए मतदान केंद्रों में फैकल्टी ऑफ थियोलॉजी, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक, वीमेंस पॉलिटेक्निक, फैकल्टी ऑफ कॉमर्स, फैकल्टी ऑफ लॉ, फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंस, फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, फैकल्टी ऑफ मेडिसिन, फैकल्टी ऑफ साइंस, फैकल्टी ऑफ यूनानी और फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस शामिल थे।

प्रोफेसर जावेद तालिब ने कहा कि चुनाव में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी रुचि और जिम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतगणना की प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी तथा देर रात तक नई छात्रसंघ के परिणाम सामने आ जाएंगे।
अलीगढ़ से मोहम्मद कामरान की रिपोर्ट



