आईएपी ने गांधी पार्क की सरकारी पाठशालाओं को लिया गोद, स्वास्थ्य शिविर लगाकर बच्चों की जांच
निःशुल्क चिकित्सा परीक्षण के साथ बांटी गई दवाएं, पाठ्य सामग्री और उपहार
अलीगढ़, 13 मई -मोहम्मद कामरान
भारतीय शिशु अकादमी (IAP) की अलीगढ़ शाखा ने महानगर के गांधी पार्क क्षेत्र स्थित सरकारी बालक पाठशाला संख्या-31 एवं कन्या पाठशाला संख्या-38 को गोद लेकर बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल की है। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं वितरित की गईं।
शिविर के दौरान बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। जो बच्चे अस्वस्थ पाए गए, उन्हें उनके लक्षणों के आधार पर दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आईएपी अलीगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक बच्चे तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए यह संदेश दिया गया कि साफ-सफाई अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।

आईएपी के सचिव डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि शिविर में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ को भी बच्चों की प्राथमिक देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सभी बच्चों को पाठ्य सामग्री, स्टेशनरी और आकर्षक उपहार वितरित किए गए, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि भारतीय शिशु अकादमी द्वारा इन विद्यालयों को गोद लिए जाने के बाद भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चों को संगठन की ओर से परिचय पत्र भी जारी किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे महानगर के किसी भी बाल रोग विशेषज्ञ से तत्काल चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय गौतम ने सभी चिकित्सकों एवं आईएपी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से विद्यालय के बच्चों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।




