कैंसर के मरीजों को राहत, अलीगढ़ में शुरू हुई मैक्स साकेत की विशेष ओपीड
अलीगढ़, 11 सितंबर (मोहम्मद कामरान): कैंसर मरीजों के लिए अलीगढ़ में इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह की नई सुविधा शुरू की गई है। मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, साकेत ने अलीगढ़ के हीरा लाल अस्पताल में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस सुविधा के शुरू होने से अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर संबंधी परामर्श, दूसरी राय, उपचार की योजना और इलाज के बाद जांच के लिए दिल्ली जाने की जरूरत कम होगी।
विशेष ओपीडी का उद्घाटन मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, साकेत के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. (प्रोफेसर) एसवीएस देव, प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. मनीष गौर तथा हीरा लाल अस्पताल अलीगढ़ के निदेशक एवं इंटरनल मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. सुदेश वार्ष्णी की मौजूदगी में किया गया।
इस अवसर पर डॉ. (प्रोफेसर) एसवीएस देव ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण लोग अक्सर कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं और बीमारी बढ़ने के बाद डॉक्टर से संपर्क करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को कैंसर से बचाव, जीवनशैली में जरूरी बदलाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, कम चीरा लगाने वाली सर्जरी और रोबोट की मदद से होने वाली सर्जरी के कारण कैंसर के ऑपरेशन पहले की तुलना में अधिक सटीक और कम जटिलताओं वाले हो गए हैं। इससे मरीजों के जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि शुरुआती और सीमित कैंसर में सर्जरी के जरिए बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, साकेत के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. मनीष गौर ने कहा कि विशेष ओपीडी का उद्देश्य शरीर में किसी असामान्य गांठ, खून की उल्टी, निगलने में परेशानी, बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होने और कैंसर से संबंधित अन्य चिंताजनक लक्षणों वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और उचित उपचार के संबंध में मार्गदर्शन देना है।
उन्होंने कहा कि ओपीडी के माध्यम से अधिक से अधिक मरीजों को समय पर जांच और सही उपचार की दिशा में मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जाएगा। मरीजों को बीमारी की जांच, उपचार की योजना, दूसरी राय और इलाज के बाद लगातार चिकित्सकीय निगरानी की सुविधा भी मिलेगी।
डॉ. (प्रोफेसर) एसवीएस देव और डॉ. मनीष गौर हर महीने के चौथे शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हीरा लाल अस्पताल, अलीगढ़ में मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान मरीज कैंसर संबंधी प्रारंभिक परामर्श और उपचार के बाद जांच की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार भविष्य में हीरा लाल अस्पताल में कीमोथेरेपी डे-केयर सेंटर शुरू करने की भी योजना है। इससे स्थानीय मरीजों को कैंसर उपचार की अतिरिक्त सुविधाएं अपने शहर में ही मिल सकेंगी।




