गूलर रोड पर 32 दुकानों वाले पहले कवर्ड वेंडिंग जोन का लोकार्पण
अलीगढ़, 15 सितंबर। नगर निगम अलीगढ़ की ओर से शहर के पहले कवर्ड वेंडिंग जोन का निर्माण गूलर रोड स्थित नगर निगम वर्कशॉप के पास कराया गया है। मंगलवार को महापौर प्रशान्त सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने पार्षदों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के बाद 32 नवनिर्मित दुकानों का लोकार्पण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आधुनिक सुविधाओं से तैयार वेंडिंग जोन की सराहना की।
नगर आयुक्त ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 1.99 करोड़ रुपये की लागत से इन दुकानों का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य 5 जून 2026 को शुरू हुआ और 4 सितंबर 2026 को पूरा किया गया। सभी 32 दुकानों का आकार 6×8 फीट और ऊंचाई आठ फीट है। दुकानों में ग्रेनाइट फर्श लगाया गया है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिव सोलर फ्लावर लाइट, गजेबो, सीएनसी वुडेन बेंच, डेकोरेटिव लाइट पोल, थीम आधारित म्यूरल्स और ग्लो साइन बोर्ड लगाए गए हैं। अलीगढ़ की पहचान ताले पर आधारित सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
नगर निगम के मुताबिक ये दुकानें बारहद्वारी क्षेत्र में लंबे समय से दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित और सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। बारहद्वारी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब 49.89 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्पलेक्स और मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना भी विकसित की गई है। वहां की पुरानी और जर्जर दुकानों को देखते हुए दुकानदारों को व्यवस्थित करने की दिशा में गूलर रोड पर नया वेंडिंग जोन तैयार किया गया है।
महापौर प्रशान्त सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह केवल शुरुआत है। नगर निगम आगे महिलाओं के लिए भी इसी तर्ज पर अलग महिला वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों को बेहतर, व्यवस्थित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 32 दुकानों वाला यह कवर्ड वेंडिंग जोन दुकानदारों को स्थायी और व्यवस्थित स्थान देने के साथ शहर के सौंदर्यीकरण में भी योगदान देगा।




