एएमयू ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन के चुनाव विवादित, सलामत उल्लाह बने जनरल सेक्रेटरी

अलीगढ़, 29 अप्रैल। मोहम्मद कामरान

एएमयू ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन के चुनाव को लेकर विवाद बरकरार है। जहां पहले एसोसिएशन द्वारा कराए गए चुनाव में डॉ. आज़म मीर खान और उनकी टीम को निर्विरोध चुना गया था, वहीं अब आगरा सोसायटी डिप्टी रजिस्ट्रार की निगरानी में हुए चुनाव में प्रसिद्ध समाजसेवी सलामत उल्लाह को मानद जनरल सेक्रेटरी, सैयद नदीम अहमद को मानद संयुक्त सचिव (अलीगढ़), नूर मोहम्मद को मानद संयुक्त सचिव (उत्तर प्रदेश) और किफायत उल्लाह को मानद संयुक्त सचिव (उत्तर प्रदेश के बाहर) के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। इसके अलावा एग्जीक्यूटिव अलीगढ़ के 12 और अलीगढ़ के बाहर के 8 सदस्यों के नाम भी जारी सूची में शामिल हैं।

इन चुनावों के संबंध में फर्म, सोसाइटीज एंड चिट्स आगरा के निर्वाचन अधिकारी/डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा परिणामों की औपचारिक घोषणा की गई। घोषणा के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 77 सदस्यों ने नामांकन पत्र लिए और 59 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। जांच के बाद 29 पदों के सापेक्ष 26 नामांकन वैध पाए गए। चूंकि अधिकांश पदों पर केवल एक ही वैध उम्मीदवार था, इसलिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और नियमों के तहत संपन्न कराई गई है। उल्लेखनीय है कि चुनाव परिणाम की प्रतिलिपि मंडलायुक्त, एएमयू के कुलपति, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

नवनिर्वाचित जनरल सेक्रेटरी सलामत उल्लाह ने कहा कि पूरी टीम के परामर्श से संस्था के विकास के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले की तरह केवल सेक्रेटरी का आदेश नहीं चलेगा, बल्कि यह पूर्व छात्रों की संस्था है और सामूहिक निर्णय लिए जाएंगे। अलीगढ़ आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब पूरी टीम बुलाएगी, वह उपस्थित हो जाएंगे।

गौरतलब है कि एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवीद खान ने इससे पहले ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन के चुनाव की घोषणा की थी, जिसमें पूर्व सेक्रेटरी डॉ. आज़म मीर खान और उनकी टीम को निर्विरोध घोषित किया गया था। तभी से एसोसिएशन दो गुटों में बंटी नजर आ रही है और दोनों ही पक्ष संस्था की कमान संभालने के लिए प्रयासरत हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button