एएमयू में शिक्षा 6.0, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विकसित भारत 2047 पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार 25 नवंबर से

अलीगढ़, 23 नवंबर (मोहम्मद कामरान): आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव, नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शिक्षा के बदलते स्वरूप और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के संदर्भ में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का शिक्षा विभाग 25 से 27 नवंबर तक ‘शिक्षा 6.0 और विकसित भारत 2047’ विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित करेगा। इसका उद्घाटन सत्र 25 नवंबर को सुबह 11 बजे जेएन मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में होगा।
सेमिनार में देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधकर्ता, नीति-निर्माता और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान शिक्षा के भविष्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षा की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर निखत नसरीन ने प्रोफेसर साजिद जमाल, प्रोफेसर आफताब अहमद अंसारी, डॉ. अंजुम अहमद, डॉ. नूरा अब्दुल कादिर और डॉ. मोहम्मद इमरान के साथ मीडिया प्रतिनिधियों को अंतरराष्ट्रीय सेमिनार की जानकारी दी।
एएमयू की कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून मुख्य अतिथि के रूप में सेमिनार का उद्घाटन करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में जामिया मिल्लिया इस्लामिया के फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन एजुकेशन के प्रोफेसर मोहम्मद अख्तर सिद्दीकी, एएमयू के फैकल्टी ऑफ सोशल साइंसेज के डीन प्रोफेसर इकराम हुसैन तथा जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर अंजुम परवेज शामिल होंगे। अलहमद एग्रो फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं निदेशक हाजी मोहम्मद जहीर विशिष्ट सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्य वक्ताओं में जामिया हमदर्द, नई दिल्ली के पूर्व कुलपति प्रोफेसर अफशार आलम, यमन की ताइज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जमाल अहमद अहमद अब्दुल्ला अलवी, एएमयू के रजिस्ट्रार प्रोफेसर आसिम जफर तथा ओपन यूनिवर्सिटी, श्रीलंका के सेकेंडरी एवं हायर एजुकेशन विभाग की वरिष्ठ व्याख्याता और फैकल्टी ऑफ एजुकेशन की पूर्व डीन डॉ. डी.वी.एम. डी. सिल्वा शामिल हैं।
सेमिनार में शिक्षक-केंद्रित पारंपरिक शैक्षणिक पद्धतियों से तकनीक आधारित और मानव-केंद्रित शिक्षा मॉडल तक शिक्षा के विकास की समीक्षा की जाएगी। इसमें विशेष रूप से शिक्षा 5.0 और शिक्षा 6.0 पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता को मानवीय बुद्धिमत्ता के साथ जोड़ने, नैतिक नवाचार, स्थिरता, कल्याण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।
शिक्षा 6.0 की अवधारणा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता को शिक्षकों और विद्यार्थियों के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि उनके सहयोगी और सहायक के रूप में देखा गया है। वहीं, शैक्षणिक प्रक्रिया में मानवीय मूल्यों को केंद्रीय स्थान दिया गया है। चर्चा में यह भी विचार किया जाएगा कि शिक्षा के उभरते हुए नए तरीके युवाओं को तेजी से बदलती दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए किस प्रकार तैयार कर सकते हैं।
सेमिनार से व्यावहारिक एवं उपयोगी सिफारिशें सामने आने की उम्मीद है। इसके माध्यम से पाठ्यक्रम निर्माण, शिक्षण पद्धतियों, शिक्षक प्रशिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग तथा शैक्षणिक नीति-निर्माण के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। सेमिनार के निष्कर्ष शैक्षणिक संस्थानों, सरकारों और उद्योगों के लिए ऐसा रोडमैप तैयार करने में भी सहायक होंगे, जो नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को हासिल करने में मददगार साबित हो।



