राष्ट्र से बड़ा नहीं होता कोई भी विचार; जो विचार देश हित की रक्षा न करता हो, उसे जितना जल्दी हो छोड़ देना चाहिए: प्रो. योगेश सिंह

एक बटन के साथ डीयू के 172668 विद्यार्थियों को जारी हुई डिजिटल डिग्रियाँ

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सकरात्मक सोच ही देश को आगे लेकर जाएगी, नाकारात्मक सोच के लोग कभी देश का भला नहीं कर सकते। पीयूष गोयल दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह के दौरान बतौर और मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से साकरात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ‘बुक ऑफ हाइलाइट्स’ पुस्तक भी जारी की गई। विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय खेल परिसर में आयोजित इस दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि कोई भी विचार राष्ट्र से बड़ा नहीं होता; जो विचार देश हित की रक्षा न करता हो, उसे जितना जल्दी हो छोड़ देना चाहिए।

मुख्य अतिथि पीयूष गोयल ने रिमोट से बटन दबा कर 172668 विद्यार्थियों की डिजिटल डिग्रियाँ भी जारी की। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपने हाथों से मेडल भी प्रदान किए। अपने दीक्षांत भाषण के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि जब हमें पावर मिलती है तो पावर के साथ एहसास भी होता है कि हमारा कर्तव्य क्या है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप सभी एक डिग्री की नई पावर के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय से निकलेंगे। पर इस डिग्री की पावर के साथ-साथ आपका कर्तव्य और जिम्मेवारी भी विश्वविद्यालय से लेकर जानी है। केंद्रीय मंत्री ने आह्वान किया कि सब प्रण लें कि एक जुट रहेंगे, देश की एकता और अखंड़ता को सँभाल कर रखेंगे और उसके लिए जी जान लगा देंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षांत समारोह में गाउन की परंपरा को त्याग कर अंगवस्त्र की परंपरा अपनाने और अपनाए गए अंगवस्त्र की प्रशंसा करते हुए मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया का कोई भी देश तब तक विकसित नहीं हो पाया, जब तक उसने अपनी संस्कृति और इतिहास का सम्मान नहीं किया। उन्होंने 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र के संकल्प पर चर्चा करते हुए कहा कि जब हम विकसित होंगे तो दुनिया की ईर्ष्या का केंद्र भी होंगे। हमें भारत को हमारे सम्मान और गौरव का केंद्र बनाना है। हमें भारत को इतना मजबूत बनाना है, यह हम सबकी जिम्मेवारी है। डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि भविष्य आपकी प्रतीक्षा कर रहा है। हमें इतिहास से सबक लेकर भविष्य में जीना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि बड़ा सोचें, बड़े सपने रखें। छोटे टार्गेट निर्धारित मत करें। जो भी बड़ा लक्ष्य तय करें उसके लिए तन, मन और धन से ज़ोर लगाएँ।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि आपके होने से हम हैं। आप जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने ही दिल्ली विश्वविद्यालय को दिल्ली विश्वविद्यालय बनाया है। कुलपति ने महिला विद्यार्थियों की अधिक भागीदारी पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि ये बदलता हुआ भारत है। हमारी बेटियाँ अब पूरे दमखम से आगे बढ़ रही हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय इसका प्रमाण है। कुलपति ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रेम का भाव अपने जीवन में रखें, यही शिक्षा का मूल मंत्र है। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि कोई भी विचार राष्ट्र से बड़ा नहीं होता; जो विचार देश हित की रक्षा न करता हो, उसे जितना जल्दी हो छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी सफलता पर अभिमान करना अच्छा है, लेकिन दूसरे के स्वाभिमान पर चोट करना अच्छी बात नहीं होती। कुलपति ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आप डीयू से बाहर जा रहे हैं, लेकिन डीयू आपसे बाहर नहीं जा रहा। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने द्वितीय विश्व युद्ध और कोविड-19 महामारी जैसी चुनौतियों के बावजूद अपनी शैक्षणिक परंपरा को बनाए रखते हुए प्रत्येक वर्ष दीक्षांत समारोह का आयोजन किया है, जो विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग सहित उपलब्धियों का उल्लेख भी किया।

समारोह के दूसरे चरण में मेडल और पुरस्कार प्राप्त करने वाले बाकी सभी विद्यार्थियों को डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह द्वारा मेडल/ पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता और परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा सहित सभी डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और हजारों विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।  

 

472 शोधार्थियों को मिली पीएचडी. डिग्री

डीयू के 103 वें दीक्षांत समारोह में 472 शोधार्थियों को पीएचडी. की डिग्रियां प्रदान की गई जिनमें 245 महिला और 227 पुरुष विद्यार्थी शामिल थे। दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 163 गोल्ड एवं सिल्वर मेडल तथा एक सिल्वर मेडल प्रदान किए गए। इसी तरह यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को कुल 34 पुरस्कार (सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। समारोह के दौरान डीयू के रेगुलर विद्यार्थियों, एनसीडबल्यूईबी और एसओएल के विद्यार्थियों को मिलाकर कुल 160438 यूजी और 11758 पीजी प्रोग्रामों के विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button