कमिश्नरी में सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण, अधिकारियों ने सीखे साइन
अलीगढ़, 5 मई। मोहम्मद कामरान
‘‘बधिर सहायता समिति’’ के तत्वावधान में अलीगढ़ कमिश्नरी सभागार में भारतीय सांकेतिक भाषा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने की। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से मूक-बधिर दिव्यांगजनों से संवाद का अभ्यास किया।
मण्डलायुक्त ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम मूक-बधिरजनों से जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने जोर दिया कि सांकेतिक भाषा सीखने से संवाद आसान होगा और समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
समिति के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी अनुभव गौतम ने सरकारी कार्यालयों में साइन लैंग्वेज प्रशिक्षण अनिवार्य करने की आवश्यकता बताई, ताकि दिव्यांगजनों की शिकायतें बिना बाधा सुनी जा सकें। प्रशिक्षण में अभिवादन, धन्यवाद, स्वागत, क्षमा, कृपया जैसे शब्दों के साथ सहायता, लिंग भेद और रंगों की पहचान सिखाई गई।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रथम अखिलेश यादव, संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




