एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन चुनाव मामला: हाईकोर्ट के आदेश पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने मांगा जवाब

अलीगढ़, 14 मई। मोहम्मद कामरान
एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के चुनाव और प्रबंध समिति को लेकर चल रहे विवाद में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार आगरा ने निवर्तमान जनरल सेक्रेटरी आज़म मीर खान को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में दाखिल याचिका संख्या 3678/2026 में पारित आदेश के अनुपालन में डिप्टी रजिस्ट्रार आगरा ने आज़म मीर खान को निर्देश दिया है कि वह संस्था के उपनियमों के खंड 10(i) के तहत संस्था को “कालातीत” घोषित किए जाने के संबंध में अपना लिखित जवाब एवं संबंधित साक्ष्य 20 मई 2026 तक कार्यालय में प्रस्तुत करें।

दरअसल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 11 मई 2026 को पारित आदेश में डिप्टी रजिस्ट्रार आगरा को निर्देशित किया था कि यदि आवश्यक हो तो दोनों पक्षों को सुनने के बाद नया आदेश पारित किया जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की प्रबंध समिति कालातीत है या नहीं।

अदालत ने डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा कराए गए चुनाव और 23 अप्रैल 2026 को घोषित चुनाव परिणाम के संबंध में भी नया आदेश जारी करने को कहा है। इस आदेश के बाद अब डिप्टी रजिस्ट्रार को स्पष्ट रूप से यह तय करना होगा कि संस्था को कालातीत घोषित करने के क्या आधार हैं और उनके द्वारा संपन्न कराए गए चुनाव किस हद तक वैध हैं।

मामले को लेकर संस्था के भीतर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।एसोसिएशन से जुड़े लोगों का कहना है कि आगामी आदेश संस्था की प्रशासनिक स्थिति और चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button