एएमयू आर्ट गैलरी में राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का समापन

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की मुईनुद्दीन अहमद आर्ट गैलरी में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी “फ्रैगमेंट्स ऑफ एपिफनी”का समापन हो गया। इस प्रदर्शनी में देशभर के कलाकारों, शिक्षाविदों और कला संस्थानों ने भाग लिया।
प्रदर्शनी की क्यूरेटर एवं गैलरी समन्वयक प्रो. बदर जहां ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य कलात्मक आदान-प्रदान, प्रेरणा और समालोचनात्मक संवाद के लिए एक मंच उपलब्ध कराना था।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में समकालीन कला पद्धतियों, कला में राजनीति तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और तकनीक की भूमिका पर आधारित कलाकृतियां, पैनल चर्चा, कार्यशालाएं और प्रस्तुतियां आयोजितकी गईं। बिहान दास और शमीम अख्तर खान के सत्रों ने समकालीन कला और क्यूरेटोरियल प्रथाओं पर चर्चा के कारण विशेष आकर्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में निर्णायक मंडल प्रो. हिम कुमार चटर्जी और प्रो. राजन श्रीपद फुलारी द्वारा छह कलाकृतियों को “सर्वश्रेष्ठ कलाकृति पुरस्कार”के लिए चुना गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की अनन्या गुप्ता को उनकी पेंटिंग “सेल्फ” के लिए, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, तिरुवनंतपुरम के अस्विन साथियन को “डेकोरेशन ऑफ टेरेन-4” के लिए, गवर्नमेंट फाइन आर्ट कॉलेज, ग्वालियर के मोहम्मद रियाज को “इत्मिनान” के लिए, मथुरा की रजनी आर्या को “हाइपरबोलिक रिदम ऑफ ओशन” के लिए, एएमयू की मसर्रत असरारी को इंस्टॉलेशन “द कॉन्फ्लिक्ट विदिन” के लिए तथा एएमयू के आर्यन प्रताप सिंह को प्रस्तुति “खुसरो से एक मुलाकात” के लिए सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी का समापन एएमयू छात्रों की संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
इससे पूर्व प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. नइमा खातून ने प्रो. हिम कुमार चटर्जी और प्रो. राजन श्रीपद फुलारी की उपस्थिति में किया था।



