सचिव उच्च शिक्षा ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

अलीगढ़, 25 मई 2026 (मोहम्मद कामरान)
उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी ने सोमवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार सहित विश्वविद्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव उच्च शिक्षा एवं जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय परिसर, प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास, सुविधा केंद्र, विद्युत उपकेंद्र, आंतरिक सड़कों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, फिनिशिंग, विद्युत एवं जल निकासी व्यवस्था, फायर सेफ्टी सिस्टम और साफ-सफाई की समीक्षा की।
इस दौरान कुलपति नरेंद्र बहादुर सिंह ने विश्वविद्यालय संचालन से संबंधित आवश्यकताओं एवं शेष कमियों की जानकारी दी। सचिव उच्च शिक्षा ने मौके पर चिन्हित कमियों को निर्धारित समयावधि में मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा विश्वविद्यालय संचालन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिसमें प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, शैक्षणिक भवन, छात्र-छात्रा छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, बैंकिंग सुविधा, कैफेटेरिया, जिम्नेजियम एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सचिव उच्च शिक्षा अमृत त्रिपाठी ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए केंद्र के रूप में स्थापित होगा और अलीगढ़ मंडल सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।



