एएमयू कामर्स विभाग के शिक्षकों ने भारतीय प्रबंध संस्थान शिलांग में नेतृत्व विकास कार्यक्रम में लिया भाग

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर मोहम्मद शमीम तथा डॉ. जहांगीर चैहान ने भारतीय प्रबंध संस्थान, शिलांग और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘भविष्य के नेतृत्व का विकास’ कार्यक्रम में भाग लिया।
भारतीय प्रबंध संस्थान शिलांग के उमसावली परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय आवासीय कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और शैक्षणिक प्रशासकों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। कार्यक्रम में शैक्षणिक नेतृत्व, संस्थागत उत्कृष्टता, नवाचार, रणनीतिक निर्णय क्षमता तथा उच्च शिक्षा में परिवर्तनकारी कार्यप्रणालियों जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इसके साथ ही अध्ययन प्रकरण, भूमिका निर्वहन, प्रबंधन आधारित गतिविधियों तथा परिचर्चाओं का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के सफल समापन पर दोनों शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।



