तीसरी मेंटोरियन मीट 2026 का भव्य आयोजन, पुराने छात्रों ने ताजा कीं यादें
प्रोफेसर इरफान हबीब ने की अध्यक्षता, देश-विदेश से जुटीं मेंटोरियन हस्तियां; मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

अलीगढ़, 16 नवंबर (मोहम्मद कामरान)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बॉयज पॉलीटेक्निक ऑडिटोरियम में 15 नवंबर को तीसरी मेंटोरियन मीट 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मिंटो सर्किल स्कूल के पूर्व छात्रों एवं मिंटो सर्किल ओल्ड बॉयज द्वारा किया गया, जिसमें अलीगढ़ सहित देश के विभिन्न शहरों और विदेशों में रह रहे मिंटो सर्किल के पूर्व छात्रों एवं प्रतिष्ठित हस्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व प्रसिद्ध इतिहासकार, पद्म भूषण से सम्मानित तथा इंडियन काउंसिल ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च (आईसीएचआर) के पूर्व चेयरमैन प्रोफेसर इरफान हबीब ने की। प्रोफेसर इरफान हबीब स्वयं भी मिंटो सर्किल के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने अपने संबोधन में मिंटो सर्किल से जुड़ी अपनी छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए संस्थान की शैक्षिक एवं व्यक्तित्व निर्माण संबंधी भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम में अलीगढ़ के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एस.एम. आसिम रिजवी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एमिरेट्स एयरलाइंस के इंडिया ऑपरेशंस के प्रमुख मनवर हाजिरक ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर ऑफ स्कूल्स प्रोफेसर कुदसिया तहसीन, वर्तमान प्रिंसिपल मिंटो सर्किल फैसल नफीस तथा पूर्व प्रिंसिपल मंज़र जमाल सहित अनेक प्रतिष्ठित मेंटोरियन हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें अब्दुल लतीफ खान, प्रोफेसर सुहैल साबिर, प्रोफेसर सुफियान बेग, प्रोफेसर अदनान हफीज, प्रोफेसर नदीम खलील, प्रोफेसर जिया-उर-रहमान, प्रोफेसर फरीद, हुसैन वाहिद, अकबर रशीद और मुजाहिद क़ुदवाई सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।
कार्यक्रम में शामिल पूर्व छात्रों ने मिंटो सर्किल से जुड़ी अपनी पुरानी यादें और छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, प्रतिभा को निखारने और उन्हें व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शारिक अकील, सीएमओ, एएमयू ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र कुरआन की तिलावत से हुई। इसके बाद विभिन्न अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों और प्रमुख मेंटोरियन हस्तियों को सम्मानित किया गया, जबकि वर्तमान कक्षा के उत्कृष्ट एवं टॉपर विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने मिंटो सर्किल से अपने लंबे जुड़ाव और संस्थान के प्रति अपनी भावनात्मक प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुराने छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच मजबूत संवाद और मार्गदर्शन की व्यवस्था नई पीढ़ी के छात्रों के लिए शैक्षिक एवं व्यावसायिक रूप से बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के आयोजन में आयोजन समिति के सदस्य अब्दुल लतीफ खान, डॉ. शाहीन, डॉ. अब्दुल्ला, डॉ. शावेज, डॉ. अब्दुल जब्बार, इंजीनियर गुफरान गजनवी, शारिक खान, प्रोफेसर रियाज, मलिक अहसन, परवेज आलम, नसीम तैयब, कामरान गजनवी और जमीर खान ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आयोजकों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर एएमयू तराना और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन किया गया। शाम को सभी प्रतिभागियों ने मिंटो सर्किल स्कूल का दौरा किया, जहां पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की पुरानी यादों को ताजा किया और स्कूल परिसर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया।
इस अवसर पर मिंटो सर्किल ओल्ड बॉयज ने अपने मातृ संस्थान से जुड़ाव को और मजबूत करने तथा वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति, मार्गदर्शन और हौसला-अफजाई में अपनी भूमिका जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।



