एएमयू वीमेंस कॉलेज छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, महिला आरक्षण के 33 प्रतिशत का किया समर्थन

अलीगढ़, 17 नवंबर (मोहम्मद कामरान)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीमेंस कॉलेज में नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों का पदस्थापना एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून की मौजूदगी में अध्यक्ष अनम रियाज, उपाध्यक्ष आयशा खान, मानद सचिव मरियम जान और आठ कैबिनेट सदस्यों ने अपने पदों की शपथ ली। कैबिनेट सदस्यों में जोवेरिया रहमान, हिबा मनाल, जकिया मुर्तजा, महविश, सबीहा, खुशबू परवीन, आमिना खानम और फातिमा हसन शामिल हैं।
इस अवसर पर छात्र संघ की अध्यक्ष अनम रियाज, उपाध्यक्ष आयशा खान और मानद सचिव मरियम जान ने संबोधित करते हुए कहा कि छात्राओं की समस्याओं का समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वीमेंस कॉलेज की छात्राओं को विश्वविद्यालय में उपलब्ध सभी बुनियादी सुविधाएं समान रूप से मिलनी चाहिए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने डाइनिंग, लाइब्रेरी और आउटिंग सहित विभिन्न सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष अनम रियाज और मानद सचिव मरियम जान ने देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाए जाने का समर्थन करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है।
इस मौके पर एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि वह वीमेंस कॉलेज की समस्याओं से अच्छी तरह परिचित हैं, क्योंकि वह स्वयं इसी कॉलेज की छात्रा रही हैं और करीब दस वर्षों तक यहां प्रिंसिपल के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। कुलपति ने कॉलेज प्रशासन और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने डाइनिंग, लाइब्रेरी, आउटिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

इससे पूर्व वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. शगुफ्ता इम्तियाज ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन की चुनाव अधिकारी प्रो. नाजिया हसन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। विश्वविद्यालय तराने और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



