अलीगढ़ हादसा: मिट्टी धंसने से एक मजदूर दबा, इलाज के दौरान मौत; नगर निगम ने कहा—घटना दुर्भाग्यपूर्ण

अलीगढ़, 25 अप्रैल (मोहम्मद कामरान)
अलीगढ़ के व्यस्त इलाके रेलवे रोड पर सड़क निर्माण, नाला खुदाई और पेयजल पाइपलाइन मरम्मत के दौरान शनिवार को हादसा हो गया। अचानक मिट्टी धंसने से एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य चलाकर उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में कोई अन्य मजदूर घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे रोड के व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारियों ने अपर नगर आयुक्त का घेराव करते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। घनी आबादी और व्यस्त बाजार होने के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं। साथ ही, निर्माण कार्य की धीमी गति से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं, नगर निगम ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए बताया कि रेलवे रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क, सीवर और नाला निर्माण कार्य जारी है। अप्सरा सिनेमा के सामने सीवर लाइन की खुदाई के दौरान पूर्व में पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। इसी समस्या के समाधान के लिए जलकल विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा था।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार, निर्माण स्थल पर ठेकेदार द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। मौके पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे तथा मजदूर हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि पाइपलाइन जोड़ने के दौरान अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



