एएमयू ने विमेंस कॉलेज क्वार्टर्स के पास जमीन कराई कब्जामुक्त, बाउंड्री निर्माण शुरू

एएमयू प्रशासन जमीनों की सुरक्षा के प्रति नजर आ रहा सजक

अलीगढ़ 21 अप्रैल (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) प्रशासन इन दिनों अपनी जमीनों की सुरक्षा को लेकर सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज लंबे समय से विवादों में घिरी विमेंस कॉलेज क्वार्टर्स के पास स्थित यूनिवर्सिटी की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी वीसी प्रोफेसर नईमा खातून , पीवीसी प्रोफेसर मोहम्मद मोहसिन खान ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दिशा निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, एएमयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद नवेद खान अपनी टीम, बिल्डिंग डिपार्टमेंट और प्रॉपर्टी ऑफिस के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे उनकी मौजूदगी में जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री वॉल) का कार्य शुरू कराया गया।

बताया जा रहा है कि इस जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों और बिल्डरों द्वारा अवैध रूप से रास्ता बना लिया गया था। इतना ही नहीं, इस रास्ते पर कुछ लोगों ने अपने गेट भी खोल लिए थे, जिससे यूनिवर्सिटी की संपत्ति पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा था।

एएमयू प्रशासन ने इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन को खाली कराया और अब इस रास्ते को दोनों ओर से बाउंड्री बनाकर पूरी तरह बंद किया जा रहा है।

डॉ. मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि इससे पहले भी कई बार इस स्थान को कब्जामुक्त कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि यह सातवीं कार्रवाई थी, जिसमें प्रशासन को सफलता मिली है।

मौके पर कुछ स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन यूनिवर्सिटी टीम के साथ मौजूद पुलिस बल के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और विरोध शांत हो गया।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में एएमयू प्रशासन अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। इससे पहले किला रोड स्थित किला नगला क्षेत्र में भी यूनिवर्सिटी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के इस कार्य की सभी लोग प्रशंसा भी कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button